मेजर लीग बेसबॉल (MLB) ने भारत में अपने पैर पसारने के लिए एक बहुत बड़ा दांव खेला है. MLB ने भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी और धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (SKY) को अपना नया एम्बेसडर बनाया है. 2026 टी20 वर्ल्ड कप में अपनी कप्तानी से देश को चैंपियन बनाने वाले सूर्या अब भारत में बेसबॉल को प्रमोट करते नजर आएंगे. वे फैंस को इस खेल से जोड़ने, खास कंटेंट तैयार करने और बड़े इवेंट्स का हिस्सा बनने के लिए MLB के साथ मिलकर काम करेंगे.
इसके साथ ही, MLB ने भारत के सबसे बड़े मीडिया और एंटरटेनमेंट नेटवर्क ‘जियोस्टार’ (JioStar) के साथ अपनी पार्टनरशिप को आगे बढ़ा दिया है. इसका मतलब है कि भारतीय फैंस अब पहले की तरह ही टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव बेसबॉल मैचों का लुत्फ उठा सकेंगे.
एक मंच पर आए क्रिकेट और बेसबॉल
क्रिकेट का मैदान हो या बेसबॉल का ‘बॉलपार्क’, खेल का असली मजा लोगों को आपस में जोड़ने में ही है. मैदान पर अपने बेखौफ और तूफानी अंदाज के लिए मशहूर सूर्यकुमार यादव को ‘राइज वर्ल्डवाइड’ (RISE Worldwide) मैनेज करती है. उनके इसी अंदाज और युवाओं में उनकी गजब की दीवानगी को देखते हुए MLB ने उन्हें अपने साथ जोड़ा है.
इस साझेदारी पर बात करते हुए MLB के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (ग्लोबल ऑपरेशंस एंड इवेंट्स) जेरेमिया योलकुट ने कहा, ‘भारत में खेलों को लेकर एक अलग ही जूनून देखने को मिलता है. इन साझेदारियों के जरिए हम यहां के फैंस से सीधे जुड़ पाएंगे. सूर्यकुमार भारत के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में से एक हैं और करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करते हैं. जियोस्टार के साथ हमारे पुराने रिश्ते और सूर्या के साथ इस नई शुरुआत से भारत में बेसबॉल का दायरा बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी.’
साझेदारी को लेकर क्या बोले ‘स्काई’?
इस नई भूमिका को लेकर सूर्यकुमार यादव भी काफी उत्साहित दिखे. उन्होंने कहा, ‘खेल की सबसे खूबसूरत बात यही है कि ये सीमाओं को नहीं देखता और लोगों को करीब लाता है. मैं मेजर लीग बेसबॉल के साथ जुड़कर और भारत में इसके सफर का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं. मैं खुद भी इस खेल के बारे में और ज्यादा जानने के लिए उत्सुक हूं. मेरी कोशिश रहेगी कि मैं ज्यादा से ज्यादा फैंस को बेसबॉल के रोमांच, इसके जूनून और इसके कल्चर से रूबरू करवा सकूं.’
अमेरिका का दौरा करेंगे सूर्यकुमार यादव
इस डील के तहत सूर्या भारत और अमेरिका दोनों जगह होने वाले MLB के कई बड़े प्रोग्राम्स में शामिल होंगे. इसकी शुरुआत जल्द ही होने वाली है, जहां वे 10 से 14 जुलाई के बीच फिलाडेल्फिया में होने वाले ‘MLB ऑल-स्टार वीक’ का हिस्सा बनेंगे. यहां वे फैंस को यह समझाने की कोशिश करेंगे कि सिर्फ बैट और बॉल के अलावा भी क्रिकेट और बेसबॉल में कितनी समानताएं हैं. इसके अलावा वे फैंस के लिए कुछ स्पेशल और मजेदार कंटेंट भी तैयार करेंगे.
जियोस्टार पर दिखेगा लाइव एक्शन
यह पूरी प्लानिंग रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंपनी ‘राइज वर्ल्डवाइड’ (RISE Worldwide) के साथ हुई रणनीतिक साझेदारी का हिस्सा है. इसी के तहत जियोस्टार के साथ ब्रॉडकास्टिंग डील को भी आगे बढ़ाया गया है.
अब जियोस्टार भारत में MLB का ऑफिशियल ब्रॉडकास्ट पार्टनर बना रहेगा. इसके तहत भारतीय फैंस जियोस्टार के चैनल्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर MLB ऑल-स्टार गेम, रेगुलर सीजन के चुनिंदा मैच और वर्ल्ड सीरीज (पोस्ट-सीजन) का लाइव टेलीकास्ट देख सकेंगे. राइज वर्ल्डवाइड और जियोस्टार के इस बड़े नेटवर्क के जरिए अब बेसबॉल भारत के कोने-कोने तक पहुंचने के लिए पूरी तरह तैयार है.