चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर बहस छिड़ गई है। उनकी फिटनेस को लेकर आलोचनाएं हो रही हैं, लेकिन भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका समर्थन किया है।
नई दिल्ली: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर बहस छिड़ गई है। उनकी फिटनेस को लेकर आलोचनाएं हो रही हैं, लेकिन भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका समर्थन किया है। उन्होंने रोहित शर्मा की कड़ी मेहनत और कप्तानी पर भरोसा जताते हुए आलोचनाओं को खारिज कर दिया है।
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में सूर्यकुमार यादव ने कहा कि रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारत ने पिछले चार साल में चार ICC फाइनल खेले हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा, “अगर कोई खिलाड़ी 15-20 साल से क्रिकेट खेल रहा हो और चार साल में अपनी टीम को चार बड़े फाइनल तक ले गया हो, तो यह उसकी मेहनत और नेतृत्व क्षमता को दिखाता है। मैंने रोहित भाई को नजदीक से देखा है, वह हमेशा कड़ी मेहनत करते हैं। मेरे हिसाब से वह अब भी अपने खेल के शीर्ष स्तर पर हैं। मैं उन्हें आगामी फाइनल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।” रोहित शर्मा की फिटनेस पर सवाल उठाने वालों में कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद का नाम सबसे पहले आया था। हालांकि, उन्हें इस पर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 9 मार्च को दुबई में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल से पहले सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया की शानदार फॉर्म की सराहना की। उन्होंने कहा, “मैं पहले भी कह चुका हूं कि भारतीय टीम बेहतरीन क्रिकेट खेल रही है। अगर हम इसी लय को कायम रखते हैं, तो फाइनल जीतना मुश्किल नहीं होगा।” गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीता था। उस फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। अब टीम इंडिया एक और ICC ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
Read Also: ICC फाइनल में विराट का जलवा! पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया के बाद अब न्यूजीलैंड के खिलाफ चलेगा किंग का बल्ला