Vinesh Phogat-WFI Case: सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट के एशियन गेम्स के ट्रायल में हिस्सा लेने के खिलाफ लगाई गई याचिका को खारिज कर दिया है. यह याचिका भारतीय कुश्ती संघ (WFI) की ओर से लगाई गई थी, जिसमें हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें विनेश को ट्रायल्स में जाने की अनुमति दी गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को इस याचिका को खारिज करते हुए कहा कि बाद के घटनाक्रमों को देखते हुए यह याचिका निष्प्रभावी हो जाती है.
अदालत ने कहा कि इस याचिका पर सुनवाई की कोई जरूरत नहीं है. पिछले हफ्ते मामले की सुनवाई के दौरान, सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. कोर्ट ने विनेश फोगाट को 30 मई को ट्रायल में भाग लेने की इजाजत दी थी. हालांकि, विनेश फोगाट ट्रायल में हार गईं.
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
गुरुवार (4 जून) को सुप्रीम कोर्ट ने WFI की याचिका खारिज कर दी. सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की बेंच ने याचिका को निरर्थक करार दिया. WFI की ओर से कोर्ट में पेश वरिष्ठ अधिवक्ता डी.एन. गोवर्धन ने कहा कि न्यायालय को दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा WFI के दुर्भावनापूर्ण कृत्य के संबंध में की गई टिप्पणियों पर रोक लगानी चाहिए. इस पर कोर्ट ने पहले कहा कि हाईकोर्ट की टिप्पणियों का एकल न्यायाधीश के समक्ष लंबित मामले पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन बाद में न्यायालय ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के निष्कर्षों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दोहराया नहीं गया है, और मामले को खुला रखा गया है.
हाईकोर्ट ने क्या आदेश दिया?
दरअसल, यह पूरा मामला विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) के एशियन गेम्स के ट्रायल में भाग लेने से जुड़ा है. WFI की नीतियों के अनुसार, विनेश फोगाट को ट्रायल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था. इसके पीछे संघ ने वजह बताई कि विनेश फोगाट लंबे समय से खेल से दूर थीं. वहीं, विनेश फोगाट का कहना है कि वह गर्भावस्था के कारण अखाड़े से दूर थीं, लेकिन अब वह खेल के लिए तैयार हैं.
इस मामले में फोगाट ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी. इस पर दिल्ली हाईकोर्ट ने 22 मई को एशियन गेम्स के आने वाले ट्रायल में फोगट के हिस्सा लेने को मंजूरी दी थी. कोर्ट ने WFI को फटकार भी लगाई थी. हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि 30-31 मई को होने वाले चयन ट्रायल में विनेश फोगाट हिस्सा ले सकती हैं. हालांकि ट्रायल में विनेश फोगाट को हार का सामना करना पड़ा.
विनेश फोगाट का टूटा सपना
भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट का एशियन गेम्स में खेलने का सपना टूट गया है. विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. महिला 53 किलोग्राम वजन कैटेगरी में युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत ने विनेश फोगाट को 6-4 से हरा दिया. इस हार के बाद विनेश फोगाट 2026 एशियन गेम्स में नहीं खेल पाएंगी.