Home > क्रिकेट > ‘प्रोफेशनल बनिए…’ बुमराह की गेंदबाजी पर भड़के पूर्व भारतीय कप्तान, लाइव कमेंट्री में लगाई क्लास

‘प्रोफेशनल बनिए…’ बुमराह की गेंदबाजी पर भड़के पूर्व भारतीय कप्तान, लाइव कमेंट्री में लगाई क्लास

Jasprit Bumrah की नो-बॉल पर सुनील गावस्कर का गुस्सा फूटा. 'लिटिल मास्टर' ने लाइव मैच में बुमराह की क्लास लगाते हुए इसे अनप्रोफेशनल बताया. पूरी खबर यहां पढ़ें.

By: Shivani Singh | Published: May 5, 2026 3:45:50 PM IST



Sunil Gavaskar On Jasprit bumrah: मुंबई इंडियंस के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इन दिनों अपनी लय को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और आईपीएल 2026 के एक अहम मुकाबले में उनकी इस अनुशासनहीनता पर महान सुनील गावस्कर का गुस्सा फूट पड़ा. वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में बुमराह की गेंदबाजी के दौरान ‘लिटिल मास्टर’ कमेंट्री बॉक्स में काफी निराश नजर आए.

प्रोफेशनल व्यवहार पर सवाल

मैच के दौरान जब बुमराह बार-बार लाइन क्रॉस कर रहे थे, तो गावस्कर ने अपनी नाराजगी जताई. उन्होंने ऑन-एयर तीखे शब्दों में कहा, ‘मुझे दोबारा मत बताइए कि बुमराह ने नो-बॉल फेंकी है. यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. आप एक पेशेवर क्रिकेटर हैं और इस स्तर पर ऐसी गलतियां बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं.’ इतना ही नहीं, जब कैमरा मुंबई के बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा की ओर मुड़ा, तो गावस्कर ने हैरानी जताते हुए कहा, ‘जी हां कोच साहब, यह वाकई एक बड़ी चिंता की बात है,’

वानखेड़े में महंगी पड़ीं गलतियां

मैच का सबसे टर्निंग पॉइंट 14वां ओवर रहा, जब बुमराह ने हिम्मत सिंह को आउट कर दिया था, लेकिन अंपायर ने इसे नो-बॉल करार दिया. जीवनदान मिलने के बाद हिम्मत सिंह ने ताबड़तोड़ 40 रन कूट दिए, जिसकी बदौलत लखनऊ ने 228 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. बुमराह ने इस मैच में कुल तीन नो-बॉल फेंकीं, जिससे इस सीजन में उनकी कुल नो-बॉल्स की संख्या 8 हो गई है.

खराब दौर से गुजर रहे हैं बुमराह

आंकड़े गवाह हैं कि कभी दुनिया के सबसे सटीक डेथ ओवर स्पेशलिस्ट माने जाने वाले बुमराह के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने जैसा रहा है. अब तक 10 मैचों में वे केवल 3 विकेट ही ले पाए हैं. पूर्व क्रिकेटर दीप दासगुप्ता ने भी निराशा जताते हुए कहा कि ये गलतियां बुमराह के इस मुश्किल सीजन की कहानी बयां कर रही हैं. डगआउट में बैठे लसिथ मलिंगा के चेहरे की हैरानी भी बहुत कुछ कह रही थी.

जीत के बावजूद बहस जारी

भले ही बुमराह की लय बिगड़ी हुई थी, लेकिन रोहित शर्मा और रायन रिकेलटन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने 10 गेंद शेष रहते ही 6 विकेट से यह मुकाबला जीत लिया. हालांकि, इस जीत ने बुमराह की फॉर्म और फिटनेस पर उठ रहे सवालों को शांत नहीं किया है. गावस्कर का यह तर्क अब भी चर्चा में है कि एक गेंदबाज के लिए वाइड बॉल फिर भी समझ आती है, लेकिन बार-बार नो-बॉल फेंकना उनके प्रोफेशनल रवैये पर सवाल खड़ा करता है.

Advertisement