Who is Chamari Athapaththu: श्रीलंका की अनुभवी ऑलराउंडर और कप्तान चमारी अटापट्टू ने विमेंस एशिया कप 2026 में इतिहास रच दिया है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका और इंडोनेशिया के बीच खेले ग्रुप-बी के मैच में चमारी अटापट्टू ने सिर्फ 5 रन देकर 7 विकेट चटकाए. इसी के साथ वह किसी एशिया कप के मैच में 7 विकेट लेने वाली पहली गेंदबाज बन गई हैं. अभी तक मेंस या विमेंस एशिया कप में कोई भी गेंदबाज यह कारनामा नहीं कर पाया है.
चमारी अटापट्टू (Chamari Athapaththu) ने सिर्फ 3.3 ओवर में ही इंडोनेशिया के 7 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. इस दौरान लगातार 3 गेंदों पर विकेट लेकर अपनी हैट्रिक भी पूरी की. उनकी इस घातक गेंदबाजी के सामने इंडोनेशिया के बल्लेबाज बेबस दिखाई दिए. इसके चलते श्रीलंका ने आसानी से मैच अपने नाम कर लिया.
श्रीलंका ने कैसे जीता मैच?
इस मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 124 रन ही बना पाई थी. इससे इंडोनेशिया को 125 रनों का आसान टारगेट मिला था. एक बार को ऐसा लगा था कि इंडोनेशिया इस मुकाबले में जीत दर्ज कर सकती है, लेकिन चमारी अटापट्टू के इरादे कुछ अलग ही थे. चमारी अटापट्टू ने गेंद हाथ में लेते ही बल्लेबाजों पर कहर बरपाना शुरू कर दिया. उन्होंने 3.3 ओवर यानी सिर्फ 21 गेंदों में महज 5 रन देकर 7 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. उन्होंने इंडोनेशिया के बल्लेबाजों को अपने जाल में ऐसा फंसाया कि पूरी टीम 49 के स्कोर पर ही ढेर हो गई. इसके चलते श्रीलंका ने ये मैच 75 रनों से जीत लिया. साथ ही टूर्नामेंट के सेमीफाइनल के लिए अपनी जगह मजबूत कर ली.
Simply speechless after what we’ve just witnessed 🤯🔥#DPWorldWomensAsiaCup2026 #SLWvINDOW #ACC pic.twitter.com/KtBT3lkzpw
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) September 2, 2026
अटापट्टू ने तोड़ा इस दिग्गजों का रिकॉर्ड
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ ही चमारी अटापट्टू ने नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. चमारी अटापट्टू का यह प्रदर्शन टी20 इंटरनेशनल में किसी श्रीलंकाई गेंदबाज (पुरुष या महिला) का ये सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है. उन्होंने श्रीलंका के अजंता मेंडिस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने सितंबर 2012 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 रन देकर 6 विकेट झटके थे.
इसके अलावा चमारी अटापट्टू टी20 एशिया कप (महिला या पुरुष) मैच में 6 या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहली गेंदबाज भी बन गई हैं. इससे पहले विमेंस टी20 एशिया कप में पाकिस्तान की 3 और थाईलैंड की एक गेंदबाज 5-5 विकेट हॉल ले चुकी थीं. वहीं, मेंस टी20 एशिया कप में भुवनेश्वर कुमार 5 विकेट हॉल लेने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं.
इतना ही नहीं, चमारी अटापट्टू किसी टी20 इंटरनेशनल मैच में 7 विकेट लेने वाली दुनिया की सिर्फ दूसरी कप्तान बनी हैं. अटापट्टू से पहले अर्जेंटीना की एलिसन स्टॉक्स ने यह कारनामा पेरू के खिलाफ किया था.