Home > क्रिकेट > भारतीय कप्तान को लगी किसकी नजर, एक ही दिन में 2 बार चोटिल शुभमन गिल, जानें कितनी गंभीर है चोट

भारतीय कप्तान को लगी किसकी नजर, एक ही दिन में 2 बार चोटिल शुभमन गिल, जानें कितनी गंभीर है चोट

Shubman Gill Injury Update: भारतीय कप्तान शुभमन गिल को श्रीलंका में प्रैक्टिस मैच के दौरान एक नहीं, बल्कि 2 बार चोट लगी. पहले उन्हें नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान चोट लगी, जबकि दूसरी बार कैचिंग प्रैक्टिस में चोट लगी.

By: Ankush Upadhayay | Published: August 6, 2026 6:00:06 PM IST



Shubman Gill Injury Update: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम के कप्तान के बाहर होने पर खतरा मंडराने लगा है. गुरुवार (6 अगस्त) को भारतीय कप्तान शुभमन गिल को प्रैक्टिस सेशन के दौरान 2 बार चोट लगी. ट्रेनिंग के दूसरे दिन बल्लेबाजी करने के दौरान शुभमन गिल के दाहिने अंगूठे पर चोट लगी, जिसके बाद वह काफी दर्द में दिखाई दिए. रिपोर्ट्स के अनुसार, शुभमन गिल (Shubman Gill) तेज गेंदबाजों के सामने नेट्स में बल्लेबाजी कर रहे थे. इस दौरान उन्हें चोट लगी, जिसके बाद डॉक्टर ने उनकी जांच की. मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद शुभमन गिल फिर से बल्लेबाजी करने उतरे.

कैचिंग प्रैक्टिस में भी लगी चोट

कप्तान शुभमन गिल को दूसरी बार कैचिंग प्रैक्टिस के दौरान चोट लगी. स्लिप में कैच‍िंग की प्रैक्ट‍िस करते हुए गेंद उनके दाएं हाथ पर लग गई, जिससे वह दर्द से कराह उठे. इसके बाद फिजियो ने तुरंत आइस पैक लगाया. अगर शुभमन गिल चोटिल होते हैं, तो टीम इंडिया की मुश्किलें काफी बढ़ जाएंगी. भारतीय टीम पहले से ही इंजरी संकट से जूझ रही है. ऐसे में शुभमन गिल का चोटिल होना भारत के लिए बड़ा झटका हो सकता है, क्योंकि वह भारतीय टीम के सबसे अहम बल्लेबाज हैं. हालांकि बताया जा रहा है कि शुभमन गिल की चोट गंभीर नहीं है. वह अभी पूरी तरह फिट हैं और टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रहे हैं.

ये खिलाड़ी पहले ही हो चुके बाहर

भारतीय टीम के कई अहम खिलाड़ी पहले ही चोट की वजह से टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. हाल ही में बीसीसीआई ने बताया था कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह घुटने की समस्या के चलते इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. उनसे पहले नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा भी चोट की वजह से स्क्वाड में नहीं शामिल हो पाए. इतना ही नहीं, भारतीय स्पिन ऑलराउंडर वाशिंग्टन सुंदर भी चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए हैं.

भारत बनाम श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल

भारत और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज का पहला मैच 15 से 19 अगस्त तक गॉल में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के मैदान पर होगा. इस सीरीज के शुरू होने से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से 3 दिनों का प्रैक्टिस मैच खेलेगी.

Advertisement