Home > क्रिकेट > Sanju Samson vs Shreyas Iyer: सूर्यकुमार यादव के बाद कौन होगा टीम इंडिया का नया T20 कप्तान? BCCI लेने जा रहा बड़ा फैसला

Sanju Samson vs Shreyas Iyer: सूर्यकुमार यादव के बाद कौन होगा टीम इंडिया का नया T20 कप्तान? BCCI लेने जा रहा बड़ा फैसला

IPL 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद सूर्यकुमार यादव से छिन सकती है T20 की कप्तानी. रेस में श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन का नाम आगे, जानिए BCCI का क्या है प्लान.

By: Shivani Singh | Published: June 4, 2026 2:20:02 PM IST



IPL 2026 सीजन के बाद, ऐसी खबरें आ रही हैं कि सूर्यकुमार यादव को भारतीय T20I टीम की कप्तानी से हटाया जा सकता है. इस महीने के आखिर में होने वाली आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज से पहले BCCI इस पर आखिरी फैसला लेगी। इसी साल सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने अपना तीसरा T20 वर्ल्ड कप जीता था, लेकिन उसके बाद से ही उनकी फॉर्म और निरंतरता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. टीम मैनेजमेंट से सलाह-मशविरा करने के बाद, भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए अगले दौरों के लिए एक नए T20 कप्तान को नियुक्त करने का मन बना लिया है. खबर तो यह भी है कि सूर्या टीम में अपनी जगह भी गंवा सकते हैं.

आखिर क्यों BCCI सोच रही है T20I कप्तान बदलने की?

मुंबई इंडियंस के इस धुरंधर बल्लेबाज के लिए यह IPL सीजन किसी बुरे सपने जैसा रहा. वो अपने असली रंग में नज़र नहीं आए और उनकी टीम पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस, पॉइंट्स टेबल में नौवें नंबर पर रही. सूर्या ने 13 पारियों में महज़ 270 रन बनाए, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल था.

BCCI के एक अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा, ‘सूर्या की कप्तानी में टीम ने T20 वर्ल्ड कप ज़रूर जीता, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म और टीम के भविष्य को देखते हुए मैनेजमेंट को लगता है कि अब आगे बढ़ने का समय आ गया है. उन्हें आगामी सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया जाएगा और यह फैसला जल्द ही सूर्या को बता दिया जाएगा.’

वर्ल्ड कप जिताने के बाद भी क्यों छिन सकती है कप्तानी?

2024 में T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद जब रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास लिया, तब सूर्यकुमार यादव को टीम की कमान सौंपी गई थी. सूर्या की कप्तानी में पिछले दो सालों के दौरान भारतीय टीम ने T20 क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन हाल-फिलहाल में उनका खुद का प्रदर्शन काफी गिरा है. अब अगर सूर्या को टीम से ड्रॉप किया जाता है, तो सबसे बड़ा सवाल यही उठता है: “कौन होगा भारत का अगला T20 कप्तान?

क्या श्रेयस अय्यर बनने जा रहे हैं भारत के नए T20I कप्तान?

हालिया रिपोर्ट्स की मानें तो BCCI ने सूर्या की जगह लेने वाले खिलाड़ी का नाम लगभग तय कर लिया है और इस रेस में श्रेयस अय्यर सबसे आगे चल रहे हैं. अय्यर को IPL में कई फ्रेंचाइजी की कप्तानी करने का अच्छा-खासा अनुभव है. फिलहाल पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को सूर्या का उत्तराधिकारी बनाया जा सकता है, जबकि युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा को उप-कप्तान की ज़िम्मेदारी सौंपी जा सकती है.

दूसरी तरफ, संजू सैमसन भी इस रेस में बने हुए है. संजू 2026 T20 वर्ल्ड कप में भारत के मुख्य खिलाड़ियों में से एक थे और उन्होंने IPL में भी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलते हुए 14 मैचों में 2 शतकों और 1 अर्धशतक की मदद से शानदार 477 रन बनाए हैं. ऐसे में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे सैमसन पर भी टीम मैनेजमेंट दांव लगा सकता है. हालांकि, BCCI की तरफ से अभी तक नए कप्तान को लेकर कोई आधिकारिक एलान नहीं किया गया है.

Advertisement