Home > खेल > ‘श्रेयस अय्यर को देख अजहरउद्दीन की याद आती है..’ धोनी के दोस्त ने दे दिया बड़ा स्टेटमेंट

‘श्रेयस अय्यर को देख अजहरउद्दीन की याद आती है..’ धोनी के दोस्त ने दे दिया बड़ा स्टेटमेंट

पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के करीब है. सुरेश रैना ने कहा है कि श्रेयस को देखकर मुझे अजहरउद्दीन की याद आती है.

By: Satyam Senger | Published: May 6, 2026 7:20:12 PM IST



पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी ने इस आईपीएल सीजन में सभी को प्रभावित किया है और अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ सुरेश रैना ने उनकी तुलना भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन से कर दी है. रैना का मानना है कि अय्यर की कप्तानी  का स्टाइल और मैदान पर उनका आत्मविश्वास अजहरुद्दीन की याद दिलाता है. श्रेयस अय्यर की अगुवाई में पंजाब किंग्स इस सीजन खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है. टीम ने शानदार लीग चरण खेलते हुए पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने की उम्मीदें मजबूत की हैं.

पंजाब किंग्स की फ्रेंचाइज़ी अब तक अपने 19 साल के इतिहास में एक भी आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी है, लेकिन अय्यर के नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन पूरी तरह बदल गया है. रैना ने अय्यर की कप्तानी की तारीफ करते हुए कहा कि वह जिस भी फ्रेंचाइज़ी के लिए खेले हैं, वहां उन्होंने टीम की सोच और खेलने का अंदाज़ बदल दिया है. उन्होंने कहा कि अय्यर ने हमेशा निडर क्रिकेट खेला है और कप्तान के तौर पर सामने से नेतृत्व किया है.

श्रेयस अय्यर की कप्तानी का प्रभाव दिख रहा 

रैना ने कहा, “वह जहां भी गए हैं, जिस भी फ्रेंचाइज़ी के लिए खेले हैं, वहां उन्होंने अलग तरह का क्रिकेट लाया है.” उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और अब पंजाब किंग्स, हर टीम में अय्यर ने अपनी कप्तानी का प्रभाव छोड़ा है. रैना के मुताबिक अय्यर की सबसे बड़ी ताकत खिलाड़ियों के साथ उनका संवाद और उन पर भरोसा जताने की क्षमता है.

रैना ने आगे क्या कहा?

रैना ने कहा, “वह एक निडर कप्तान हैं और हमेशा सामने से नेतृत्व करते हैं. आप देख सकते हैं कि वह इतने अच्छे कप्तान क्यों हैं, क्योंकि मैदान के बाहर उनकी कम्युनिकेशन शानदार है.” रैना ने अय्यर की बॉडी लैंग्वेज और मैदान पर उनके स्वैग की तुलना अजहरुद्दीन से करते हुए कहा, “वह अपने खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं और जब वह उस अंदाज़ में चलते हैं, तो उनकी बॉडी लैंग्वेज मुझे अजहर भाई की याद दिलाती है.” अब पंजाब किंग्स की नजर अपने पहले आईपीएल खिताब पर है और अगर टीम ट्रॉफी जीतने में सफल रहती है, तो श्रेयस अय्यर की कप्तानी फ्रेंचाइज़ी के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो जाएगी.

Tags:
Advertisement