भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन इस साल होने वाली केरल क्रिकेट लीग (केसीएल) 2026 में खेलते नजर नहीं आएंगे. उन्होंने पहले ही कोच्चि ब्लू टाइगर्स और केरल क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) को बता दिया था कि निजी कारणों की वजह से वह इस सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया और उनका नाम नीलामी की लिस्ट में भी शामिल नहीं किया गया.
पिछले सीजन संजू सैमसन केरल क्रिकेट लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे. कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने उन्हें रिकॉर्ड 26.80 लाख रुपये में खरीदा था. उन्होंने अपने भाई सैली सैमसन की कप्तानी में तीन मुकाबले खेले और 221 रन बनाए थे. केसीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन नज़र माचन ने कहा कि संजू ने पहले ही अपनी अनुपलब्धता की जानकारी दे दी थी. उन्होंने माना कि संजू जैसे बड़े खिलाड़ी की कमी जरूर महसूस होगी, लेकिन उन्हें भरोसा है कि इस बार भी लीग रोमांचक रहेगी.
टीम इंडिया में जगह को लेकर बढ़ी चर्चा
संजू सैमसन ऐसे समय में केरल क्रिकेट लीग से बाहर हुए हैं, जब टीम इंडिया में उनकी जगह को लेकर लगातार चर्चा हो रही है. उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार जीता था. इसके बावजूद इंग्लैंड दौरे पर लगातार तीन मैचों में कम रन बनाने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया. इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे की टी20 टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिली, जिससे फैंस काफी नाराज नजर आए.