Sai Sudharsan Fitness Update: भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन की इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, साई सुदर्शन पूरी तरह फिट हो गए हैं. उन्होंने बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में बल्लेबाजी भी शुरू कर की है. वह जल्द ही श्रीलंका में टीम इंडिया के साथ जुड़ेंगे. भारतीय टीम 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 4 अगस्त की शाम को श्रीलंका पहुंची है. साई सुदर्शन टीम इंडिया के साथ श्रीलंका नहीं गए हैं, क्योंकि वह अपनी पूरी फिटनेस हासिल नहीं कर पाए थे. ऐसे में टीम इंडिया सुदर्शन को छोड़कर ही श्रीलंका के लिए रवाना हो गई. अब साई सुदर्शन भी जल्द ही श्रीलंका पहुंचेंगे.
साई सुदर्शन को पैर में लगी है चोट
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) के पैर के अंगूठे में चोट लगी है. वह अभी बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब से गुजर रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार, साई सुदर्शन ने CoE में फिर से बल्लेबाजी शुरू कर दी है. माना जा रहा है कि वे शनिवार यानी 8 अगस्त को श्रीलंका में भारतीय टेस्ट टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ जुड़ेंगे. बता दें कि साई सुदर्शन को श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है, लेकिन उनके नाम के आगे स्टार लगा हुआ है. इसका मतलब है कि जब साई सुदर्शन को CoE से फिटनेस क्लीयरेंस मिलेगा, तभी वह श्रीलंका दौरे पर खेल पाएंगे.
साई सुदर्शन खेलेंगे पहला टेस्ट?
भारतीय टीम श्रीलंका (IND vs SL) में टेस्ट सीरीज के लिए जोर-शोर से तैयारियां कर रही है. इस सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से तीन दिनों का प्रैक्टिस मैच खेलेगी. जाहिर है कि साई सुदर्शन इस प्रैक्टिस मैच में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन वे पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे. भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से शुरू होगा, जो गॉल में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: कौन हैं धनंजय डी सिल्वा? जो भारत के खिलाफ करेंगे श्रीलंका की कप्तानी, 8 साल पहले हुई थी पिता की हत्या
साई सुदर्शन का टेस्ट में रिकॉर्ड
भारतीय स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर खेलते हैं. उन्होंने अभी तक भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 31.91 की औसत से 383 रन बनाए हैं. इसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं.
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी.