Rohit Sharma England Practice: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा इंग्लैंड पहुंच गए हैं. वह 14 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज की तैयारियां कर रहे हैं. रोहित शर्मा के लिए यह वनडे सीरीज किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है. इस सीरीज में रोहित शर्मा को एक बार फिर साबित करना होगा कि क्यों उन्हें क्रिकेट की दुनिया का हिटमैन कहा जाता है. दरअसल, रोहित शर्मा का टारगेट साल 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना है, जो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है. ऐसे में विश्व कप से पहले हर सीरीज में रोहित शर्मा को अपनी फिटनेस और काबिलियत साबित करनी होगी, जिससे वह वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर सकें.
लंदन में जमकर की प्रैक्टिस
TOI की रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने लंदन और उसके आसपास के स्थानीय क्लबों में अपने करीबी दोस्तों और स्थानीय गेंदबाजों के साथ प्रैक्टिस के कुछ सेशन किए हैं. बर्कशायर के मध्य में स्थित स्लो क्रिकेट क्लब, ब्लोंडिन पार्क के पास स्थित स्विनकोम्ब क्रिकेट क्लब में जाने से पहले रोहित का पहला ठिकाना था. रोहित शर्मा बर्मिंघम में टीम से जुड़ने से पहले वहां के माहौल में ढलना चाहते हैं. इसी वजह से वह पहले ही इंग्लैंड पहुंच गए हैं. बता दें कि रोहित शर्मा अब भारत के लिए सिर्फ वनडे मुकाबले खेलते हैं. उन्होंने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया है.
इंग्लैंड में शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा का इंग्लैंड में काफी शानदार रिकॉर्ड है. 39 साल के दिग्गज बल्लेबाज ने इंग्लैंड में 27 वनडे मैचों में 64.9 की औसत से 1,428 रन बनाए हैं. इसमें 7 शतक शामिल हैं, जो किसी भी मेहमान बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा शतक हैं. ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि रोहित शर्मा इस वनडे सीरीज में रनों का अंबार लगाएंगे.
बता दें कि रोहित शर्मा ने आखिरी बार अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने के लिए मैदान पर उतरे थे. उन्होंने चेन्नई में खेले गए आखिरी वनडे मुकाबले में 79 रनों की शानदार पारी थी.
भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज का शेड्यूल
भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई से होगी. इस सीरीज का पहला मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में होगा, जबकि तीसरा और आखिरी वनडे मैच 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स में होगा.