Home > क्रिकेट > IND vs SL: ऋषभ पंत का बल्ला पक्का बोलेगा? जिस इंसान से ट्रेनिंग ले रहे, वो महान क्रिकेटर

IND vs SL: ऋषभ पंत का बल्ला पक्का बोलेगा? जिस इंसान से ट्रेनिंग ले रहे, वो महान क्रिकेटर

श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. वह रांची में पूर्व कप्तान एमएस धोनी के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं.

By: Satyam Sengar | Published: July 31, 2026 7:38:24 PM IST



भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. 28 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज इन दिनों रांची में हैं, जहां वह भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं. धोनी और पंत के बीच लंबे समय से अच्छा रिश्ता रहा है और पंत कई बार यह कह चुके हैं कि उन्हें धोनी से खेल और विकेटकीपिंग को लेकर काफी सीखने को मिला है. ऐसे में श्रीलंका दौरे से पहले दोनों का साथ में अभ्यास करना भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए भी खास चर्चा का विषय बन गया है.

भारत का श्रीलंका दौरा 15 अगस्त से शुरू होगा. पहला टेस्ट मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा. श्रीलंका की पिचें आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों की मददगार मानी जाती हैं. ऐसे में भारतीय टीम को अनुभवी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी. ऋषभ पंत टीम के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और मध्यक्रम में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारत के लिए काफी अहम साबित हो सकती है.

शाहबाज नदीम ने शेयर की तस्वीर

पूर्व भारतीय स्पिनर शाहबाज नदीम ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह महेंद्र सिंह धोनी और ऋषभ पंत के साथ जिम में नजर आए. शाहबाज ने तस्वीर के साथ लिखा, “भारतीय क्रिकेट के दो बेहतरीन फिनिशर ऋषभ पंत और माही भाई.” यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. क्रिकेट प्रेमियों ने धोनी और पंत को एक साथ देखकर खुशी जताई. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी महेंद्र सिंह धोनी युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते रहते हैं और पंत को भी उनका करीबी माना जाता है.

टेस्ट सीरीज में निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी

ऋषभ पंत आखिरी बार जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलते हुए नजर आए थे. मुल्लांपुर के न्यू पीसीए स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले की पहली पारी में उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया था. फिटनेस हासिल करने के बाद पंत फिर से भारतीय टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं. श्रीलंका दौरे पर भी टीम प्रबंधन को उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी. विकेट के पीछे उनकी फुर्ती और तेज रन बनाने की क्षमता भारत के लिए मैच का रुख बदल सकती है. ऐसे में धोनी के साथ की जा रही यह विशेष ट्रेनिंग उनके प्रदर्शन को और बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकती है.

Advertisement