RCB vs GT Match-Ups: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का आखिरी यानी फाइनल मैच 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा. यह महामुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 1 लाख फैंस के सामने होगा. इस मैच में जीतने वाली टीम दूसरी बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाएगी. रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी की टीम लगातार दूसरी बार ट्रॉफी हासिल करना चाहेगी.
वहीं, शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस 2022 के बाद दूसरी बार अपने घर में ट्रॉफी उठाना चाहेगी. ऐसे में इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी. इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के बीच व्यक्तिगत जंग होगी, जो जीत और हार का फैसला तय करेंगे. ऐसे में आइए जानते हैं कि फाइनल के 5 ऐसे मैच-अप, जो मैच का रुख बदल सकते हैं.
विराट कोहली बनाम कगिसो रबाडा
आरसीबी के रन मशीन विराट कोहली के सामने गुजरात टाइटंस के खतरनाक तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा होंगे. कगिसो रबाडा IPL 2026 में ऑरेंज कैप होल्डर हैं, जिनका रिकॉर्ड कोहली के खिलाफ काफी बेहतर है. रबाडा अपनी सटीक लेंथ और स्पीड से पावरप्ले में कोहली को खूब परेशान कर सकते हैं. टी20 क्रिकेट में रबाडा ने विराट कोहली को 6 बार आउट किया है. वहीं, आईपीएल में 4 बार अपना शिकार बनाया है. हालांकि कोहली ने भी रबाडा के खिलाफ 140 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं.
भुवी बनाम शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल के खिलाफ आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड काफी बेहतर है. भुवी ने टी20 में शुभमन गिल को 6 बार अपना शिकार बनाया है. वहीं, शुभमन गिल उनके खिलाफ सिर्फ 101 की स्ट्राइक रेट से रन बना पाए हैं. क्वालीफायर में भी भुवी ने गिल को इनस्विंगर गेंद पर बोल्ड कर दिया था. इसके अलावा भुवी का रिकॉर्ड जोस बटलर के खिलाफ भी काफी शानदार है. भुवी ने जोस बटलर को ओवरऑल टी20 क्रिकेट में 9 बार आउट किया है. बटलर ने भुवी के खिलाफ सिर्फ 110 की स्ट्राइक रेट से ही रन बनाए हैं.
राशिद खान बनाम रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार और गुजरात के स्पिनर राशिद खान के बीच भी कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. रजत पाटीदार मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स के खिलाफ तेजी से रन बनाते हैं, जबकि राशिद खान रनों पर लगाम लगाते हैं. पाटीदार ने आईपीएल में राशिद खान के खिलाफ 212.5 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. अगर पाटीदार और राशिद खान आमने सामने आते हैं, तो वह जंग देखने लायक होगी. वहीं, देवदत्त पडिक्कल के सामने राशिद खान का रिकॉर्ड बेहतर है. पडिक्कल ने राशिद खान के खिलाफ 100 से भी कम की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, जबकि 5 बार आउट हुए हैं.
बटलर बनाम जोश हेजलवुड
गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर टीम की बल्लेबाजी का एक्स फैक्टर हैं. उनके सामने जोश हेजलवुड की चुनौती होगी, जिनकी लाइन-लेंथ और बाउंस के सामने बटलर को थोड़ी परेशानी हो सकती है. टी20 क्रिकेट में हेजलवुड ने बटलर को 6 बार आउट किया है. क्वालीफायर-1 में हेजलवुड और बटलर के बीच कड़ी टक्कर हुई थी. बटलर ने हेजलवुड के खिलाफ 4, 6 और 4 लगाए, लेकिन अगली ही गेंद पर जोश ने उन्हें बोल्ड कर दिया.
जैकब डफी बनाम साईं सुदर्शन
आरसीबी के तेज गेंदबाज जैकब डफी और गुजरात के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन की टक्कर भी दिलचस्प होगी. क्वालीफायर-1 में डफी के सामने साईं सुदर्शन अजीबोगरीब तरीके से हिट विकेट आउट हुए थे. अब फाइनल में भी साईं सुदर्शन और जैकब डफी आमने-सामने हो सकते हैं. अगर जैकब डफी शुरुआती ओवरों में साईं सुदर्शन पर दबाव बनाए रखते हैं, तो गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी पर दबाव बढ़ेगा.