Randeep Hooda IPL 2026: आईपीएल 2026 के दौरान बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा (Randeep Hooda) का एक बयान काफी चर्चा में है. अपनी आने वाली वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश 2’ के प्रमोशन के लिए वह स्टार स्पोर्ट्स के स्टूडियो पहुंचे थे. यहां उन्होंने भारतीय क्रिकेटरों और एक्टर्स की तुलना करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि अब क्रिकेटर्स इतने स्मार्ट हो गए हैं कि उनकी वजह से एक्टर्स की नौकरी खतरे में पड़ सकती है. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
IPL में छूट रहे कैच पर हुई चर्चा
स्टूडियो में बातचीत के दौरान रणदीप हुड्डा ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif) और इरफ़ान पठान (Irfan Pathan) से IPL 2026 में लगातार छूट रहे कैचों को लेकर सवाल पूछा. उन्होंने जानना चाहा कि आखिर इतने आसान कैच भी खिलाड़ियों से क्यों छूट रहे हैं.
इस सवाल पर मोहम्मद कैफ ने कहा कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी के मुकाबले फील्डिंग में लगातार एक जैसी तीव्रता बनाए रखना आसान नहीं होता. कई बार खिलाड़ी पूरे मैच के दौरान उतनी एनर्जी नहीं रख पाते, जिसकी वजह से कैच छूट जाते हैं.
क्रिकेटर्स और एक्टर्स में कम हुआ फर्क
कैफ का जवाब सुनने के बाद रणदीप हुड्डा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब क्रिकेटर्स और एक्टर्स के बीच ज्यादा फर्क नहीं बचा है. उनके मुताबिक आज के खिलाड़ी कैमरे को अच्छी तरह समझते हैं और जानते हैं कि कब किस कैमरे की तरफ देखना है. उन्होंने कहा कि क्रिकेटर्स अब सिर्फ खेल ही नहीं रहे, बल्कि कैमरे के सामने भी काफी सहज हो चुके हैं. इसी वजह से उन्हें लगता है कि एक्टर्स की नौकरी पर भी खतरा बढ़ रहा है. रणदीप की यह बात वहां मौजूद सभी लोगों को काफी मजेदार लगी.
PBKS vs DC मैच में भी छूटे कैच
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के मुकाबले में भी खराब फील्डिंग देखने को मिली. पंजाब के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान दो अहम कैच छोड़ दिए. पहला कैच ट्रिस्टन स्टब्स का था, जिसे अर्शदीप सिंह ने छोड़ा. इसके बाद अक्षर पटेल का कैच शेडगे ने गंवा दिया. इन गलतियों का असर मैच के नतीजे पर भी पड़ा.
दिल्ली कैपिटल्स ने दर्ज की शानदार जीत
मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 210 रन बनाए थे. जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को एक ओवर पहले हासिल कर लिया. कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर की बेहतरीन पारियों की बदौलत दिल्ली ने यह मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया.
GT vs SRH: आखिर क्यों खास है गुजरात की ये ‘लैवेंडर’ जर्सी? वजह जानकर आप भी करेंगे टीम को सलाम!