इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में 194 रन से करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में बड़े बदलाव की तैयारी की खबर सामने आई है. तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम के परफॉर्मेंस की रिव्यू शुरू कर दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीसरे टेस्ट से पहले टीम में कुछ खिलाड़ियों को बाहर किया जा सकता है.
जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें तीसरे टेस्ट से पहले टीम से रिलीज किया जा सकता है. दोनों को वापस पाकिस्तान भेजे जाने की संभावना जताई गई है. उनकी जगह सईम अयूब और अराफात मिन्हास को टीम में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है.
खराब बल्लेबाजी बनी पाकिस्तान की सबसे बड़ी परेशानी
पाकिस्तान की बल्लेबाजी इस पूरी सीरीज में चिंता का सबसे बड़ा कारण रही है. लॉर्ड्स टेस्ट में टीम पहली पारी में सिर्फ 110 रन और दूसरी पारी में 194 रन पर सिमट गई. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने दोनों पारियों में चार-चार विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. मोहम्मद रिजवान दूसरी पारी में केवल एक रन बना सके और रॉबिन्सन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए. इमाम-उल-हक पिंडली की समस्या के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं कर सके.
सरफराज अहमद की कुर्सी पर भी संकट!
इमाम-उल-हक की चोट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उनकी चोट की गंभीरता की जांच कर सकता है और उन्हें पहली उपलब्ध फ्लाइट से स्वदेश भेजा जा सकता है. इस बीच बदलाव का असर सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित रहने की संभावना नहीं है. टेस्ट टीम के कोच सरफराज अहमद की भूमिका भी सवालों के घेरे में बताई जा रही है. सफेद गेंद की टीम के कोच माइक हेसन के टेस्ट टीम के साथ ज्यादा जुड़ने की संभावना है. ऐसे में पाकिस्तान के कोचिंग ढांचे में भी बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं. इंग्लैंड पहले ही हेडिंग्ले टेस्ट पारी और 103 रन से जीत चुका है, जबकि लॉर्ड्स में मिली हार ने पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.