IND Tour Zimbabwe 2026: इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे टूर पर जाएगी. इस दौरे पर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जिसकी शुरुआत 23 जुलाई से होगी. इस सीरीज के लिए हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय टीम की स्क्वाड का एलान किया है. इस स्क्वाड में आईपीएल के स्टार गेंदबाजों को मौका दिया है. इसमें अशोक शर्मा, यश ठाकुर और मंयक यादव जैसे युवा स्टार गेंदबाज शामिल हैं.
हालांकि आपको जानकर हैरानी होगी कि इस स्क्वाड में एक ऐसा भी खिलाड़ी शामिल है, जिसने आईपीएल 2026 में बेहद खराब प्रदर्शन किया था. इसके बावजूद उसे टीम इंडिया की स्क्वाड में जगह मिली है. दरअसल, हम बात कर रहे हैं कि लखनऊ सुपर जायंट्स के स्टार तेज गेंदबाज मयंक यादव की.
मयंक यादव का IPL 2026 में प्रदर्शन
तेज गेंदबाज मयंक यादव को करीब 21 महीने बाद भारतीय टीम में शामिल किया गया है. हालांकि उनके सिलेक्शन पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अक्सर आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भारतीय टीम में पहले मौका दिया जाता है, लेकिन मयंक यादव ने आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन किया था. मयंक यादव ने उस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सिर्फ 4 मैच खेले है, जिसमें एक भी विकेट नहीं ले पाए. वह पूरे सीजन चोट की समस्या से जूझ रहे थे. इसके बावजूद मयंक यादव को टीम इंडिया में मौका दिया गया है.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया से पहले इंग्लैंड पहुंचे रोहित शर्मा, लंदन में जमकर की प्रैक्टिस, अंग्रेजों से ‘लगान’ वसूलने की तैयारी!
मयंक यादव को क्यों मिला मौका?
युवा पेसर मयंक यादव को भारतीय टीम में शामिल करने को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं. कुछ रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में आराम दिया गया है. इन खिलाड़ियों को वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से टीम से बाहर किया गया है. इसके चलते मयंक यादव की टीम इंडिया में वापसी हुई. बता दें कि मयंक यादव भारतीय टीम के लिए 3 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं. इसमें उन्होंने 6.92 की इकॉनमी से 4 विकेट चटकाए हैं. हालांकि चोट की समस्या की वजह से वह लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे.
जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर).