MS Dhoni Last Match: चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2026 में अभी तक एक भी मैच नहीं खेले हैं. सीजन की शुरुआत में एमएस धोनी चोटिल हो गए थे, जिसके बाद वह 2 हफ्ते के लिए बाहर हो गए थे. इसके बाद जब एमएस धोनी फिट हुए, तो फैंस उन्हें मैदान पर देखने के लिए बेकरार होने लगे. इसके बावजूद एमएस धोनी मैदान पर नहीं उतरे. अब सीएसके फैंस 18 मई की रात का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एमएस धोनी 18 मई को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) पर आईपीएल से रिटायरमेंट का एलान कर सकते हैं. दरअसल, 18 मई को सीएसके और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल 2026 में चेपॉक के मैदान पर आखिरी मैच खेला जाएगा. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि यह एमएस धोनी का आखिरी टी20 मैच हो सकता है. ऐसे में फैंस के मन में यह सवाल भी है कि क्या एमएस धोनी सच में चेपॉक के मैदान पर अपने रिटायरमेंट ले सकते हैं.
क्या खुद का नियम तोड़ेंगे धोनी?
मैदान पर शांत दिखने वाले एमएस धोनी (MS Dhoni) रियल लाइफ में भी काफी कूल रहते हैं. एमएस धोनी को बिना किसी शोर शराबे के रिटायरमेंट लेने की आदत है. उन्होंने टेस्ट और इंटरनेशनल क्रिकेट से भी अचानक ही अलविदा कह दिया था. एमएम धोनी ने कभी रिटायरमेंट से पहले कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की और न ही कोई फेयरवेल मैच या सीरीज खेली. ऐसे में उम्मीद है कि वह आईपीएल से भी इसी तरह विदाई लेंगे.
बता दें कि एमएस धोनी ने साल 2014 में अचानक टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान कर दिया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच में यह फैसला लिया था, जिसने फैंस को हैरान कर दिया था. इसके अलावा इंटरनेशनल क्रिकेट से धोनी ने सिर्फ एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए संन्यास का एलान कर दिया था. ऐसे में माना जा रहा है कि एमएस धोनी इस बार आईपीएल को भी शांति से अलविदा कहेंगे.
धोनी ने 5 साल पहले कभी थी संन्यास की बात
18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मैच खेला जाएगा. यह आईपीएल 2026 में चेपॉक के मैदान पर खेला जाने वाला आखिरी मैच होगा. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि एमएस धोनी इस मुकाबले में अपना फेयरवेल मैच खेलने के लिए उतरेंगे. दरअसल, धोनी ने 5 साल पहले ही इस बात का इशारा कर दिया था. साल 2021 में सीएसके के चैंपियन बनने के बाद धोनी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह अपना आखिरी मैच चेन्नई में ही खेलेंगे. ऐसे में सीएसके बनाम हैदराबाद के मैच में भारी संख्या में फैंस चेपॉक के मैदान पर पहुंच रहे हैं.