Home > खेल > ‘धोनी ने CSK में नहीं मांगी कोई हिस्सेदारी, यह सब अफवाह है…’ चेन्नई सुपर किंग्स के CEO का बयान

‘धोनी ने CSK में नहीं मांगी कोई हिस्सेदारी, यह सब अफवाह है…’ चेन्नई सुपर किंग्स के CEO का बयान

एमएस धोनी के सीएसके में 25 परसेंट हिस्सेदारी मांगने की खबरों पर फ्रेंचाइजी ने सफाई दी है. सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने इन दावों को बेबुनियाद बताया. रिपोर्ट्स में धोनी और फ्रेंचाइजी के बीच हिस्सेदारी को लेकर बातचीत का दावा किया गया था.

By: Satyam Sengar | Published: August 31, 2026 4:06:29 PM IST



चेन्नई सुपर किंग्स ने पूर्व कप्तान और मौजूदा खिलाड़ी एमएस धोनी के फ्रेंचाइजी में बड़ी हिस्सेदारी मांगने की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. सीएसके के मुख्य कार्यकारी अधिकारी काशी विश्वनाथन ने इन दावों को ‘बेबुनियाद’ बताया है. पिछले दिनों सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि धोनी सीएसके में हिस्सेदारी खरीदना चाहते थे, ताकि फ्रेंचाइजी के साथ अपने लंबे रिश्ते को और मजबूत कर सकें.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी ने शुरुआत में सीएसके की 25 परसेंट हिस्सेदारी खरीदने की मांग रखी थी, जबकि फ्रेंचाइजी के मालिक कथित तौर पर सिर्फ 3 परसेंट हिस्सेदारी देने के लिए तैयार थे. इसके बाद धोनी ने अपनी मांग घटाकर 20 और फिर 18 परसेंट कर दी. वहीं, रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सीएसके की ओर से पेशकश बढ़कर पहले 4 और फिर 5.5 परसेंट तक पहुंची थी.

सीएसके ने अफवाहों को बताया बेबुनियाद
हालांकि, काशी विश्वनाथन ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए कहा कि ये अफवाहें पूरी तरह बेबुनियाद हैं. रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि दोनों पक्षों के बीच ज्यादातर बातचीत मौखिक स्तर पर हुई थी और कोई औपचारिक प्रस्ताव या समझौता नहीं हुआ था. इन खबरों के बाद धोनी और सीएसके के रिश्ते को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगने लगी थीं. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने अब इन चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की है.

आईपीएल 2027 में खेलेंगे धोनी? सीएसके ने दिया बड़ा अपडेट
धोनी के अगले आईपीएल सीजन में खेलने को लेकर भी अभी तस्वीर साफ नहीं है. काशी विश्वनाथन ने कहा कि धोनी ने अब तक यह नहीं कहा है कि वह आईपीएल 2027 में नहीं खेलेंगे, इसलिए उनके फैसले का इंतजार करना चाहिए. 45 साल के धोनी चोट के कारण आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाए थे. उन्हें आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था. इस बीच, स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद सीएसके फिलहाल नए मुख्य कोच की तलाश में है. ऐसे में टीम के अगले सीजन से पहले कई बड़े फैसलों पर नजर रहेगी.

Tags:
Advertisement