Home > क्रिकेट > रिटायरमेंट की उम्र में नई शुरुआत… ऑस्ट्रेलिया छोड़ पुर्तगाल के लिए खेलेगा ये ऑलराउंडर, IPL भी जीत चुका

रिटायरमेंट की उम्र में नई शुरुआत… ऑस्ट्रेलिया छोड़ पुर्तगाल के लिए खेलेगा ये ऑलराउंडर, IPL भी जीत चुका

Moises Henriques Portugal Team: ऑस्ट्रेलिया के 39 साल के पूर्व क्रिकेटर मोइसेस हेनरिक्स अब पुर्तगाल के लिए खेलते दिखाई देंगे. मोइसेस हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए साल 2009 में डेब्यू किया था. इसके बाद से वह कंगारू टीम के लिए 44 मैच खेल चुके हैं.

By: Ankush Upadhayay | Published: June 30, 2026 6:00:25 PM IST



Moises Henriques Portugal Team: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पुर्तगाल का रुख कर लिया है. अब वह पुर्तगाल के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते दिखाई देंगे. वह अगस्त में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर में पुर्तगाल की ओर से खेलेंगे. दिलचस्प बात यह है कि मोइसेस हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल में ही हुआ था, लेकिन बाद में उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया में बस गया था.

39 साल के मोइसेस हेनरिक्स ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं. उन्होंने साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू किया था. मोइसेस हेनरिक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सभी फॉर्मेट में मिलाकर कुल 44 मैच खेले हैं. हालांकि साल 2021 के बाद से वह ऑस्ट्रेलिया की जर्सी में मैदान पर नहीं दिखाई दिए हैं.

पुर्तगाल को वर्ल्ड कप में पहुंचाने की जिम्मेदारी

साल 2028 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अगस्त से क्वालीफायर शुरू होने वाले हैं. पुर्तगाल का सफर फिनलैंड में होने वाले यूरोपियन सब-रीजनल क्वालीफायर से शुरू होगा, जो टूर्नामेंट के क्वालीफिकेशन प्रक्रिया का पहला चरण है. इस वर्ल्ड कप के मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से करेंगे. माना जा रहा है कि पुर्तगाल मोइसेस हेनरिक्स को अपना कप्तान बनाएगी, क्योंकि वह एक अनुभवी खिलाड़ी हैं.

बता दें कि मोइसेस हेनरिक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के जरूरी तीन साल के ‘स्टैंड-डाउन’ पीरियड को पूरा किया है. इसके बाद ही वो पुर्तगाल के लिए खेलने योग्य हुए हैं. दरअसल, फुल मेंबर देश से एसोसिएट देश में जाने वाले खिलाड़ियों के लिए यह नियम लागू होता है.

ये भी पढ़ें: Joe Root नहीं… ये खिलाड़ी बनेगा इंग्लैंड का नया टेस्ट कप्तान! बेन स्टोक्स ने खुद नाम पर लगाई मुहर

मोइसेस हेनरिक्स का करियर

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ने इंटरनेशनल करियर में 24 टी20 आई मैच खेले. इस दौरान उनके बल्ले से 355 रन आए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. साथ ही उन्होंने 10 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट भी अपने नाम किए. वहीं, वनडे में मोइसेस हेनरिक्स ने 16 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 117 रन और 8 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में हेनरिक्स ने 4 मैचों में 164 रन बनाने के साथ ही 2 विकेट चटकाए हैं.

मोइसेस हेनरिक्स ने जीते 11 खिताब

मोइसेस हेनरिक्स अपने करियर के दौरान 11 खिताब जीत चुके हैं. इसमें ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट, बिग बैश लीग, इंडियन प्रीमियर लीग और चैंपियंस लीग T20 के 11 बड़े टाइटल शामिल हैं. उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए साल 2011-12, 2019-20 और 2020-21 में BBL की ट्रॉफी जीती. इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2016 का खिताब भी जीता. इन सभी के अलाना हेनरिक्स ने न्यू साउथ वेल्स के साथ 5 घरेलू ट्रॉफियां जीतीं, जिनमें 2013-14 शेफील्ड शील्ड, 3 वन-डे कप टाइटल और 2008-09 KFC टी20 बिग बैश शामिल हैं. हेनरिक्स न्यू साउथ वेल्स (2009) और सिडनी सिक्सर्स (2012) के साथ 2 बार चैंपियंस लीग T20 भी जीत चुके हैं.

Advertisement