Mohammed Siraj Cristiano Ronaldo: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) का फीफा वर्ल्ड कप जीतने के सपना एक बार फिर अधूरा रह गया. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल को स्पेन के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही पुर्तगाल विश्व कप से बाहर हो गया. माना जा रहा है कि यह क्रिस्टियानो रोनाल्डो के करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है. ऐसे में रोनाल्डो के करोड़ों फैंस निराश हो गए हैं.
इस बीच भारतीय स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने भी रोनाल्डो को लेकर इमोशनल पोस्ट शेयर किया है. दरअसल, मोहम्मद सिराज खुद रोनाल्डो के बड़े फैन हैं. वह अक्सर क्रिकेट मैचों के दौरान विकेट लेने के बाद रोनाल्डो का आइकॉनिक ‘Siuuu’ सेलिब्रेशन करते दिखाई देते हैं. जानें सिराज ने क्या लिखा…
मोहम्मद सिराज का भावुक पोस्ट
मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) ने पुर्तगाल की हार के बाद सोशल मीडिया पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए काफी भावुक पोस्ट लिखा, जिसे पढ़कर फैंस भी इमोशनल हो गए. सिराज ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘आज जो भी हुआ हो, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता. क्रिस्टियानो, आप हमेशा मेरे लिए प्रेरणा रहेंगे. एक मैच कभी भी आपकी महानता को तय नहीं कर सकता. दुनिया भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करने के लिए आपका धन्यवाद.’ मोहम्मद सिराज का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. क्रिकेट और फुटबॉल जगत के फैंस जमकर सिराज की तारीफ कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी डेब्यू तो हुआ, लेकिन फिर भी नहीं मिलेगा सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट, जानें क्या हैं BCCI के नियम?
रोनाल्डो का इंटरनेशनल करियर खत्म!
41 साल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए यह मुकाबला उनके करियर का आखिरी फीफा विश्व कप मैच साबित हुआ. स्पेन के खिलाफ मैच हारने के बाद रोनाल्डो काफी भावुक दिखाई दिए. वह शांत भाव से मैदान से बाहर निकले और स्टैंड्स में मौजूद पुर्तगाल के फैंस को हाथ हिलाकर अभिवादन किया. हार के बाद रोनाल्डो ने कहा, ‘बाहर होने के बाद दुख होना स्वाभाविक है. मैंने अपना सब कुछ दिया और पूरी ईमानदारी से खेला. मेरा मन पूरी तरह शांत है. यही फुटबॉल है, यही एक खिलाड़ी की जिंदगी है. कभी आप जीतते हैं और कभी हारते हैं.’ इस बयान के बाद माना जा रहा है कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो इंटरनेशनल फुटबॉल में फिर कभी दिखाई नहीं देंगे. हालांकि उन्होंने इसका आधिकारिक तौर पर एलान नहीं किया गया है.
