Mohammed Shami: सोमवार को बीसीसीआई ने चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है. आकिब नबी श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. आकिब नबी की एंट्री से स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी की उम्मीद भी लगभग खत्म हो गई है. मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) लगातार घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. अपने शानदार प्रदर्शन से मोहम्मद शमी भारतीय टीम में वापसी के लिए दरवाजा खटखटा रहे हैं. उन्होंने आखिरी बार भारत के लिए साल 2023 में टेस्ट मैच खेला था. इसके बाद से वह टेस्ट टीम से दूर चल रहे हैं.
क्या मोहम्मद शमी नहीं कर पाएंगे वापसी?
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए आखिरी बार पिछले साल मार्च में भारत के लिए वनडे मैच खेला था. इसके बाद से वह टीम इंडिया से दूर चल रहे हैं. शुरुआत में शमी को फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के चलते बाहर किया गया था. हालांकि घरेलू क्रिकेट में खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद शमी की वापसी नहीं हो पा रही है. जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद शमी की वापसी की उम्मीद जगी थी, लेकिन सिलेक्टर्स ने आकिब नबी को मौका दिया. इसी के साथ कहीं न कहीं सिलेक्टर्स ने यह भी संकेत दिया कि शमी उनके प्लान का हिस्सा नहीं हैं.
ये भी पढ़ें: भले ही स्क्वाड में मिली जगह, फिर भी डेब्यू नहीं कर पाएंगे आकिब नही, जानें वजह?
शमी की वापसी क्यों नहीं हो रही?
जब भारतीय टीम के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) से मोहम्मद शमी की वापसी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा था कि उनके पास फिटनेस की कमी है. दिलचस्प बात यह है कि शमी ने खुद साफ जाहिर किया था कि वह पूरी तरह फिट हैं और लगातार घरेलू क्रिकेट भी खेल रहे हैं. बता दें कि मोहम्मद शमी ने अपने पिछले 7 रणजी मैचों में 1,383 गेंदें फेंकी हैं, जिसमें 16.72 की औसत से 37 विकेट चटकाए हैं. इसमें उन्होंने 3 बार 5 विकेट लिए हैं, जबकि 50 मेडन ओवर डाले हैं.
आकिब का प्रदर्शन शमी से बेहतर
जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी का रणजी ट्रॉफी में मोहम्मद शमी से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन रहा है. आकिब ने 2025-26 रणजी ट्रॉफी में 10 मैचों में 13 से कम की औसत से 60 विकेट चटकाए थे. ऐसे में सिलेक्टर्स ने शमी से पहले आकिब नबी को चुना, जो घरेलू क्रिकेट के नए सुपरस्टार बनकर उभरे हैं. ऐसे में साफ हो गया है कि अगर मोहम्मद शमी को टेस्ट टीम में वापसी करनी है, तो उन्हें नए तेज गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन करना होगा.