Mohammed Shami Birthday: मोहम्मद शमी आज भले ही टीम इंडिया से दूर चल रहे हैं, लेकिन वह भारत के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं. खासकर वनडे क्रिकेट में मोहम्मद शमी दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं. उन्होंने साल 2023 के विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाए थे. उस विश्व कप में शमी ने सिर्फ 7 मैचों में 24 विकेट लेकर लिए थे. इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी शमी ने भारत को ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. हालांकि उनकी इस कामयाबी के पीछे सालों की कड़ी मेहनत और दर्द छुपा है. आज (3 सितंबर) मोहम्मद शमी अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं. ऐसे में उनके जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं कि मोहम्मद शमी कैसे भारत के सबसे खतरनाक गेंदबाज बने.
पत्नी से विवाद और फिर एक्सीडेंट का शिकार
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का साल 2018 में उनकी पत्नी हसीन जहां से विवाद हो गया था. हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार पर मारपीट, घरेलू हिंसा और जान से मारने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए. इसकी चलते शमी गहरे डिप्रेशन में चले गए थे. उस समय में उनके मन में एक-दो नहीं, बल्कि 3 बार सुसाइड करने का खयाल आया. शमी ने बाद में खुद इस बात को स्वीकार किया था. उन्होंने बताया था कि इस मुश्किल दौर में उनके परिवार और दोस्तों ने उनका भरपूर साथ दिया. 24 घंटे परिवार और दोस्त उनके कमरे पर पहरा देते थे, जिससे वो कोई गलत कदम न उठा पाएं.
इसी बुरे समय में मोहम्मद शमी के साथ एक और बड़ा हादसा हो गया. मार्च 2018 में BCCI ने उन पर लगे आरोपों की वजह से उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट रोक दिया. उसी दौरान शमी का देहरादून से दिल्ली आते हुए भयंकर एक्सीडेंट हो गया. उनकी कार एक ट्रक से जाकर टकरा गई. इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, लेकिन गनीमत रही कि उनकी जान बच गई. इस हादसे के बाद उनके सिर पर 10 टांके लगाए गए थे.
हादसे के बाद बिगड़ी शमी की फिटनेस
कार हादसे के बाद मोहम्मद शमी के करियर में बड़ा मोड़ आया. वह साल 2018 के इंग्लैंड दौरे से पहले यो-यो फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए. इसके बाद उस समय टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने उन्हें अपनी फिटनेस पर काम करने के लिए कहा. इसके बाद शमी ने अपनी फिटनेस पर मेहनत करनी शुरू कर दी. शमी ने उसी साल वापसी की और 2018 में 47 इंटरनेशनल विकेट भी हासिल किए.
इसके बाद उन्होंने भारत के लिए 2019 वनडे विश्व कप भी खेला, जिसमें शानदार प्रदर्शन किया. इसी विश्व कप में शमी ने अफगानिस्तान के खिलाफ हैट्रिक लेकर इतिहास रचा था.
शमी के करियर का गोल्डन पीरियड
मोहम्मद शमी करियर में सबसे अच्छा मोड़ साल 2023 के वनडे विश्व कप में आया. हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के बाद शमी को बीच टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिला, जिसके बाद उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया. शमी ने वापसी करते हुए सिर्फ 7 मैचों में 24 विकेट लेकर टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज बने. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 7 विकेट लेकर भारत के लिए वनडे में सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. हालांकि भारत को इस विश्व कप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा.
अभी कहां हैं मोहम्मद शमी?
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में खेला था. इसके बाद उन्हें टीम इंडिया से बाहर कर दिया गया. फिलहाल वो घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करके टीम इंडिया में वापसी की राह तलाश रहे हैं. मौजूदा समय में वह ईस्ट जोन के लिए दलीप ट्रॉफी खेल रहे हैं.