Mohammad Kaif On Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर क्रिकेट के गलियारों में बहस छिड़ी हुई है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का कहना है कि टीम मैनेजमेंट ने वैभव सूर्यवंशी के साथ गलत रणनीति अपनाई. उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड में ही डेब्यू करवाया जाना चाहिए थे. उन्होंने आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीती थी, जिसके बाद उनका टीम इंडिया में सिलेक्शन हुआ था. इसके बावजूद उन्हें डेब्यू के लिए इंतजार करवाया गया. कैफ का कहना है कि अगर सूर्यवंशी आयरलैंड में डेब्यू कर लेते, तो वह बिना किसी दबाव के खुद को इंटरनेशनल क्रिकेट के माहौल में ढाल पाते.
वैभव को लेकर क्या बोले कैफ?
पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर बात की. कैफ ने कहा, ‘वैभव एक्स-फैक्टर खिलाड़ी हैं. उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. आईपीएल में सुर्खियों में रहने के बावजूद उन्होंने बल्ले से कमाल किया.’ कैफ ने आगे कहा कि वैभव ने सिर्फ 1-2 मैचों में रन नहीं बनाए, बल्कि ऑरेंज कैप भी जीती. अगर उन्हें आयरलैंड में मौका मिला होता, तो घबराहट खत्म हो जाती और इंग्लैंड में बेहतर प्रदर्शन होता. वह शानदार फॉर्म में भी थे.
कैफ ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप जीतकर आए थे, लेकिन आपने उनसे कहा कि पहले पानी पिलाओ. पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘वह एक खास खिलाड़ी हैं, उन्हें सीधा आयरलैंड में खिलाना चाहिए था. खास ट्रीटमेंट मिलना चाहिए था. आयरलैंड में खेलते तो यूके में कोई नर्वसनेस नहीं रहती.’
ये भी पढ़ें: मोहम्मद शमी का करियर खत्म! आकिब नबी के जरिए अजीत अगरकर का इशारा, क्या नहीं हो पाएगी वापसी?
वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. डेब्यू मैच में वैभव ने सिर्फ 14 रन बनाए थे. इसके बाद अगले दो मैचों में उनके बल्ले से 13 और 15 रन आए. इसके बाद पांचवें टी20 से वैभव सूर्यवंशी को ड्रॉप कर दिया. फिर वह जिम्बाब्वे दौरे पर गए, जहां पर टी20 सीरीज में तीनों मैच खेले. इस दौरान उनके बल्ले से 3 पारियों में करीब 200 के स्ट्राइक रेट से 151 रन रन आए. वैभव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया.