पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल हसी ने इंग्लैंड मेंस टेस्ट टीम का बैटिंग कोच बनने का इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) का ऑफर ठुकरा दिया है. हसी को इंग्लैंड के नए टेस्ट हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग और ईसीबी की ओर से इस पद के लिए संपर्क किया गया था. हसी और फ्लेमिंग पहले चेन्नई सुपर किंग्स में साथ काम कर चुके हैं. हालांकि, द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, हसी ने यह जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है.
माइकल हसी ने इंग्लैंड के साथ फुल-टाइम भूमिका निभाने के बजाय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ पार्ट-टाइम कंसल्टेंसी रोल को प्राथमिकता दी है. इस भूमिका के जरिए वह द हंड्रेड और दूसरी फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में अपनी कोचिंग से जुड़ी जिम्मेदारियां जारी रख सकेंगे. इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया में फॉक्स स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री और पंडित की भूमिका भी निभाते रहेंगे. यही लचीलापन उनके फैसले की बड़ी वजह माना जा रहा है.
इंग्लैंड के साथ पहले भी काम कर चुके हैं हसी
माइकल हसी का इंग्लैंड की टीम के साथ काम करने का पुराना अनुभव है. वह 2022 में ऑस्ट्रेलिया में खेले गए आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप के दौरान इंग्लैंड के पार्ट-टाइम कंसल्टेंट रह चुके हैं. इंग्लैंड ने उस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था. हसी के ऑफर ठुकराने के बाद ईसीबी अब टेस्ट टीम के बैटिंग कोच के तौर पर मार्कस ट्रेस्कोथिक को बनाए रखने पर विचार कर सकता है.
स्टीफन फ्लेमिंग दिसंबर में संभालेंगे जिम्मेदारी
मार्कस ट्रेस्कोथिक फिलहाल पाकिस्तान के खिलाफ जारी तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के अंतरिम हेड कोच की भूमिका निभा रहे हैं. उनकी देखरेख में इंग्लैंड ने सीरीज के शुरुआती दोनों टेस्ट जीत लिए हैं. स्टीफन फ्लेमिंग को जुलाई में इंग्लैंड का नया टेस्ट हेड कोच नियुक्त किया गया था और वह दिसंबर 2026 में दक्षिण अफ्रीका दौरे से आधिकारिक रूप से जिम्मेदारी संभालेंगे. इसके बाद वह मार्च 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 150वीं वर्षगांठ वाले टेस्ट और जून 2027 से शुरू होने वाली घरेलू एशेज सीरीज की तैयारियों की निगरानी करेंगे.