Home > क्रिकेट > ‘तुम्हारे मां-बाप यही सिखाते हैं…’ कुमार संगकारा ने इरफान पठान पर लगाया था गंभीर आरोप, जानें 2005 टेस्ट मैच में क्या हुआ था?

‘तुम्हारे मां-बाप यही सिखाते हैं…’ कुमार संगकारा ने इरफान पठान पर लगाया था गंभीर आरोप, जानें 2005 टेस्ट मैच में क्या हुआ था?

जब शांत रहने वाले संगकारा ने भारतीय टीम पर लगाया चीटिंग का आरोप और इरफान पठान के परिवार पर उठाया सवाल. जानें 2005 दिल्ली टेस्ट के इस विवाद की पूरी कहानी.

By: Shivani Singh | Published: August 10, 2026 8:01:59 PM IST



कुमार संगकारा को मैदान पर हमेशा एक बेहद शांत, कूल और अपने जज्बातों पर काबू रखने वाले खिलाड़ी के रूप में देखा गया है. हालांकि, श्रीलंका के इस पूर्व कप्तान के करियर में एक पल ऐसा भी आया था जब उन्होंने अपनी मर्यादा खो दी थी और भारतीय टीम पर धोखाधड़ी (चीटिंग) का गंभीर आरोप लगा दिया था.

इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने किया. यह वाकया साल 2005 में दिल्ली में खेले गए एक टेस्ट मैच का है. भारत की दूसरी पारी के दौरान इरफान पठान, गौतम गंभीर के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे थे. इस मैच में पठान ने बेहतरीन 93 रनों की पारी खेली, लेकिन उनकी इस शानदार पारी से ज्यादा चर्चा संगकारा के साथ हुई उनकी तीखी बहस की रही.

जब गेंद बदलने पर भड़का विवाद

इरफान पठान ने उस दिन को याद करते हुए बताया कि श्रीलंका टीम इस बात से बेहद नाराज थी कि अंपायरों ने गेंदबाजी के दौरान बॉल का डिब्बा बदल दिया था. जब भारत बल्लेबाजी करने उतरा, तो संगकारा सीधे पठान से भिड़ गए. उन्होंने न सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों पर चीटिंग का आरोप लगाया, बल्कि खिलाड़ियों के पालन-पोषण और उनके संस्कारों पर भी निजी टिप्पणियां कर दीं.

माहौल तब और ज्यादा गरमा गया जब पठान ने श्रीलंकाई दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन की गेंदों पर दो गगनचुंबी छक्के जड़ दिए. इससे संगकारा की बौखलाहट और बढ़ गई. हालांकि, पठान ने भी संगकारा के इन तानों को चुपचाप सहने के बजाय उन्हें करारा जवाब दिया.

JioHotstar के शो ‘Cheeky Singles’ पर इस घटना के बारे में बात करते हुए इरफान पठान ने कहा, ‘दिल्ली में एक टेस्ट मैच था. मैं ओपनिंग करने गया था और मैंने 93 रन बनाए थे. पहली पारी के बाद जब हम गेंदबाजी करने गए, तो गेंदों का बॉक्स बदल गया था या ऐसा ही कुछ हुआ था, जिससे श्रीलंकाई खिलाड़ी बिल्कुल खुश नहीं थे. इनमें संगकारा सबसे ज्यादा आक्रामक नजर आ रहे थे. फिर जब मैं बल्लेबाजी करने उतरा, तो मुझे अंदाजा भी नहीं था कि क्या हुआ है, मुझे बस ओपनिंग करने के लिए कहा गया था. मैदान पर उतरते ही मैंने मुरलीधरन को दो छक्के जड़ दिए.’

इरफान ने आगे कहा, ‘अगर कोई बल्लेबाज नई गेंद से ही आपके मुख्य गेंदबाज पर छक्के लगा दे, तो विरोधी टीम की रणनीति पूरी तरह ध्वस्त हो जाती है. अचानक संगकारा कहने लगे, ‘तुम लोग चीटिंग करते हो, तुम्हारे मां-बाप तुम्हें यही सब सिखाते हैं’ और भी बहुत कुछ. वह निजी स्तर पर उतर आए थे, इसलिए मैंने भी पलटकर जवाब दिया. इस झगड़े की शुरुआत उन्होंने ही की थी.’

कैसे खत्म हुई दुश्मनी और बनी नई दोस्ती?

इस वाकये के कुछ सालों बाद, जब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ऑक्शन में इरफान पठान और कुमार संगकारा दोनों को किंग्स XI पंजाब (Kings XI Punjab) ने खरीदा, तो पुरानी कड़वाहट को भुलाने का मौका मिला. पठान ने बताया कि कैसे दोनों खिलाड़ियों ने परिपक्वता दिखाते हुए इस मामले को हमेशा के लिए सुलझा लिया.

इरफान ने बताया, ‘ऑक्शन के बाद जब मैंने देखा कि मैं पंजाब में संगकारा के साथ ही खेलने वाला हूं, तो एक दिन मैं उनके परिवार के साथ खाना खा रहा था. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं. फिर मैं खुद उनके पास गया और पुरानी घटना के लिए माफी मांगी. उन्होंने भी मुझसे माफी मांगी और उसके बाद हम दोनों के बीच बेहतरीन दोस्ती हो गई. मैदान पर कई बार भावनाएं हावी हो जाती हैं और इंसान से गलतियां हो जाती हैं, लेकिन सबसे ज्यादा मायने यह रखता है कि आप बाद में चीजों को कितनी समझदारी से संभालते हैं.’

Advertisement