KKR Playoff Qualification Scenario: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की है. केकेआर ने मौजूदा सीजन में लगातार चौथी जीत हासिल कर ली है. शुक्रवार (8 मई) को कोलकाता ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया. इसी के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में 9 प्वाइंट्स हैं, जबकि नेट रन रेट (NRR) -0.169 है.
फिलहाल कोलकाता की टीम प्वाइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर है. आईपीएल 2026 में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की शुरुआत बेहद खराब रही है. केकेआर को शुरुआती कई मुकाबलों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपनी लय हासिल की. आइए जानते हैं कि अब केकेआर प्लेऑफ के लिए कैसे क्वालीफाई कर सकती है?
KKR का क्वालीफिकेशन समीकरण
कोलकाता की लगातार चौथी जीत के बाद प्लेऑफ रेस रोमांचक हो गई है. केकेआर की टीम प्लेऑफ में जाने की दावेदार बन गई है. कोलकाता नाइट राइडर्स के पास प्लेऑफ में जाने का सुनहरा मौका है. केकेआर ने अभी तक कुल 10 मैच खेले हैं, जिसके बाद उनके खाते में 9 प्वाइंट्स हैं. इसका मतलब है कि केकेआर के पास अभी 4 मैच बाकी हैं. अगर कोलकाता अपने अगले सभी 4 मैच जीत जाती है, तो उनके पास 17 प्वाइंट्स हो जाएंगे. 17 प्वाइंट्स के साथ केकेआर की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है. इससे उन्हें किसी दूसरी टीम पर निर्भर भी नहीं रहना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें:-दिल्ली कैपिटल्स IPL की सबसे घटिया टीम, शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया, दूसरे नंबर पर पंजाब किंग्स
प्लेऑफ की रेस में कौन सबसे आगे?
आईपीएल 2026 की प्लेऑफ रेस की बात करें, तो 4 टीमें सबसे आगे हैं. इनमें सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स शामिल हैं. हैदराबाद प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है. उनके खाते में 11 मैचों के बाद 14 प्वाइंट्स हैं. वहीं, पंजाब ने 10 मैच खेले हैं, जिसके बाद उनके पास 13 प्वाइंट्स हैं. इसके बाद तीसरे नंबर पर आरसीबी की टीम है, जिनके खाते में 10 मैचों के बाद 12 प्वाइंट्स हैं. फिर चौथे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स की टीम है, जिनके खाते में 12 प्वाइंट्स हैं. ये सभी टीमें प्लेऑफ में जाने की प्रबल दावेदार हैं.
GT-CSK भी रेस में शामिल
आईपीएल प्लेऑफ की रेस में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स शामिल हैं. गुजरात के खाते में 12 प्वाइंट्स हैं, लेकिन नेट रन रेट खराब होने के कारण टॉप-4 से बाहर है. फिलहाल गुजरात की टीम 5वें नंबर पर मौजूद है. वहीं, चेन्नई की टीम छठे पायदान पर मौजूद है, जिनके खाते में 10 प्वाइंट्स हैं. इन दोनों टीमों के पास भी प्लेऑफ में जाने का मौका है.