Home > क्रिकेट > द हंड्रेड में काव्या मारन की टीम का तूफान, बना दिया टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर, ध्वस्त हुए कई रिकॉर्ड

द हंड्रेड में काव्या मारन की टीम का तूफान, बना दिया टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर, ध्वस्त हुए कई रिकॉर्ड

SunRisers Leeds Highest Score: द हंड्रेड लीग में काव्या मारन की टीम ने 100 गेंदों पर 241 रन ठोक दिए. यह टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है. इस लीग के अलावा आईपीएल में भी काव्या मारन की टीम के नाम सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है.

By: Ankush Upadhayay | Published: August 5, 2026 12:40:39 PM IST



Sunrisers Leeds Highest Score: काव्या मारन (Kavya Maran) की मालिकाना हक वाली टीम सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड में तहलका मचा दिया है. सनराइजर्स लीड्स ने द हंड्रेड लीग में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. लंदन स्पिरिट के खिलाफ खेले गए मैच में सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने 100 गेंदों में ही 241 रन बना दिए. यह इस टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है. इसके जवाब में उतरी लंदन स्पिरिट ने भी 100 गेंदों पर 6 विकेट खोकर 204 रन बनाए, लेकिन 37 रन से मैच हार गई. देखें मैच की हाइलाइट्स…

मार्श-रिकल्टन का तूफान

इस मुकाबले में सनराइजर्स लीड्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी. सनराइजर्स लीड्स के सलामी बल्लेबाज रयान रिकल्टन ने सिर्फ 42 गेंदों पर नाबाद 94 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके अलावा मिचेल मार्श ने 37 गेंदों पर 76 रन बनाए. रिकल्टन और मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई, जो द हंड्रेड के इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है. रिकल्टन और मार्श के बाद हैरी ब्रूक का तूफान आया. उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों पर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 55 रन ठोक दिए. इसके दम पर सनराइजर्स लीड्स ने तय 100 गेंदों पर 2 विकेट खोकर 241 रन बनाए.

लंदन ने भी दी कड़ी टक्कर

लंदन स्पिरिट ने भी सनराइजर्स लीड्स को कड़ी टक्कर दी. 242 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी लंदन स्पिरिट की शुरुआत काफी खराब रही. लंदन स्पिरिट ने सिर्फ 35 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए. इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला. लिविंगस्टोन ने 34 रन और ब्रेविस ने 38 रनों की पारी खेली. इसके बाद डेविड विली ने 83 रनों की तूफानी पारी खेली. इसके बावजूद लंदन स्पिरिट 100 गेंदों पर सिर्फ 204 रन ही बना पाई, जिससे सनराइजर्स ने 37 रनों से मैच जीत लिया.

ये भी पढ़ें: Video: साथी के बल्ले को बनाया हथौड़ा, फिर लाइव मैच में करने लगा कारपेंटर का काम, वीडियो वायरल

सनराइजर्स ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

इस मुकाबले में सनराइजर्स लीड्स ने कई बड़े रिकॉर्ड बनाए. टीम ने लीग के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर अपने नाम किया. इसके अलावा सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड (मार्श और रिकल्टन) भी बनाया. इतना ही नहीं, सनराइजर्स लीड्स की इस पारी में 21 छक्के लगे, जो टूर्नामेंट के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा हैं.

Advertisement