Who Is Kartik Sharma: चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) बढ़ती उम्र के कारण रिटायरमेंट की ओर बढ़ रहे हैं. एमएस धोनी की उम्र 44 साल से ज्यादा हो गई है. ऐसे में वह कभी भी आईपीएल को अलविदा कह सकते हैं. चेन्नई सुपर किंग्स की टीम लंबे समय से एमएस धोनी का रिप्लेसमेंट खोज रही है, जो विकेटकीपिंग करने के साथ-साथ मैच को फिनिश भी कर सके. फिलहाल संजू सैमसन यह रोल निभा रहे हैं. हालांकि एक और युवा खिलाड़ी भी उभरकर सामने आया है, जिसने अपनी बल्लेबाजी से खूब प्रभावित किया है.
हम बात कर रहे हैं कि सीएसके के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा (Kartik Sharma) की. कार्तिक शर्मा भी एमएस धोनी की तरह विकेटकीपिंग करते हैं और गेम को फिनिश करने की काबिलियत रखते हैं. उन्होंने इस सीजन सीएसके को मैच जिताकर अपनी काबिलियित को साबित भी किया है.
कार्तिक शर्मा ने CSK को जिताए मैच
सीएसके के युवा खिलाड़ी कार्तिक शर्मा ने आईपीएल 2026 में अपना डेब्यू किया. आईपीएल 2026 की शुरुआत कार्तिक शर्मा के लिए काफी बेरंग रही, लेकिन फिर उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली. शुरुआती मैचों में फ्लॉप होने के बाद आखिरकार उनके बल्ले से बड़ी पारियों आनी शुरू हो गईं. 2 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ कार्तिक शर्मा ने 54 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई. यह उनके आईपीएल करियर की पहली फिफ्टी है.
इसके बाद अगले मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ भी कार्तिक शर्मा ने संजू सैमसन के साथ मिलकर पारी संभाली. कार्तिक शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ 41 रनों की नाबाद पारी खेली और मैच को खत्म किया. इस दौरान कार्तिक शर्मा ने पारी संभालते हुए अपनी परिपक्वता दिखाई. पिछले 2 मैचों से कार्तिक शर्मा बिना आउट हुए टीम को मैच जिताकर वापस आ रहे हैं. ऐसे में उन्हें सीएसके का फ्यूचर स्टार बताया जा रहा है.
कौन हैं कार्तिक शर्मा?
चेन्नई सुपर किंग्स के युवा खिलाड़ी कार्तिक शर्मा राजस्थान के भरतपुर शहर से ताल्लुक रखते हैं. पिछले साल आईपीएल ऑक्शन में सीएसके ने कार्तिक शर्मा को 14.2 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था. कार्तिक शर्मा घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेलते हैं. उनके पास सिक्स हिटिंग की अद्भुत क्षमता है, जिसने आईपीएल टीमों का ध्यान उनकी ओर खींचा. कार्तिक शर्मा आईपीएल 2026 में अभी तक 7 मैच खेले हैं, जिनमें उनके बल्ले से 30.60 की औसत से 153 रन निकले हैं.