Home > खेल > IPL से हटेगा इंपैक्ट प्लेयर रूल? BCCI ने मांगा सुझाव, रोहित-गिल पहले ही कर चुके विरोध

IPL से हटेगा इंपैक्ट प्लेयर रूल? BCCI ने मांगा सुझाव, रोहित-गिल पहले ही कर चुके विरोध

आईपीएल के इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर फिर चर्चा शुरू हो गई है. बीसीसीआई ने सभी फ्रेंचाइजी से 31 अगस्त तक अपनी राय मांगी है. रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी पहले ही इस नियम का विरोध कर चुके हैं.

By: Satyam Sengar | Published: August 31, 2026 10:50:39 AM IST



Impact Player Rule: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजी से इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर सुझाव मांगी है. टीमों को 31 अगस्त तक अपनी राय देने के लिए कहा गया है. यह नियम आईपीएल में सबसे ज्यादा चर्चा और विवाद वाले मुद्दों में से एक रहा है. खासकर 2026 सीजन में कई मुकाबलों में जमकर रन बने, जिसके बाद गेंदबाजों को मिल रहे कम मौके और बल्लेबाजों को मिलने वाले अतिरिक्त फायदे पर सवाल उठे थे.

बीसीसीआई ने इम्पैक्ट प्लेयर के अलावा अंपायरिंग, प्रैक्टिस सेशन, खेलने की परिस्थितियों और प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया यानी पीएमओए से जुड़े मामलों पर भी फ्रेंचाइजी से सुझाव मांगे हैं. हालांकि, ताजा बातचीत में इम्पैक्ट प्लेयर नियम सबसे अहम मुद्दा नजर आ रहा है. खास बात यह है कि पिछले कप्तानों की बैठक के बाद माना जा रहा था कि यह नियम कम से कम एक और सीजन तक जारी रहेगा. ऐसे में बीसीसीआई का दोबारा इस पर राय मांगना काफी अहम माना जा रहा है.

रोहित और गिल समेत कई बड़े खिलाड़ी कर चुके हैं विरोध
इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नाम अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों ने इस नियम का खुलकर विरोध किया है. उनका मानना है कि इससे खेल का संतुलन बल्लेबाजों के पक्ष में ज्यादा हो जाता है और गेंदबाजों के लिए मुश्किल बढ़ती है. हालांकि, आईपीएल में इस नियम के समर्थक भी हैं और कुछ लोगों का मानना है कि इससे मैच में रणनीति के नए विकल्प मिलते हैं.

बीसीसीआई के सामने नियम पर फैसला लेने की चुनौती
बीसीसीआई ने बताया कि आईपीएल 2026 की कप्तानों की बैठक में टूर्नामेंट खत्म होने के बाद फ्रेंचाइजी से क्रिकेट संचालन से जुड़े मुद्दों पर रिएक्शन लेने की बात तय हुई थी. टीमों को अपनी क्रिकेट संचालन टीम के साथ चर्चा करके संयुक्त सुझाव भेजने हैं. इसके अलावा 2026 सीजन में पीएमओए क्षेत्र में बिना अनुमति लोगों के पहुंचने से जुड़े एंटी करप्शन नियमों के उल्लंघन पर भी चिंता जताई गई थी. अब बीसीसीआई इन सभी मुद्दों की समीक्षा करके अगले सीजन से पहले जरूरी कदम उठाएगा.

Advertisement