Liam Livingstone CSK SRH Trade: IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बड़ा ट्रेड हुआ है. CSK के 2 खिलाड़ी सनराइजर्स हैदराबाद में गए हैं, जबकि SRH के 2 प्लेयर्स चेन्नई की टीम में शामिल हुए हैं. इस ट्रेड में सिर्फ 1 भारतीय खिलाड़ी शामिल है, जबकि 3 विदेशी खिलाड़ी हैं. इस ट्रेड डील के तहत लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स CSK में शामिल होंगे, जबकि खलील अहमद और नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बनेंगे. BCCI ने गुरुवार (5 नवंबर) को इस ट्रेड डील को लेकर ऑफिशियल प्रेस रिलीज भी जारी की.
किसे कितने मिलेंगे रुपये?
इस ट्रेड डील के तहत सनराइजर्स हैदराबाद ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स को सीएसके को सौंप दिया है. लिविंगस्टोन 6 करोड़ रुपये की कम फीस पर CSK में शामिल हुए हैं. SRH ने पिछले सीजन उन्हें 13 करोड़ रुपये में खरीदा था. इसका मतलब है कि लिविंगस्टोन को 7 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है. इसके अलावा जैक एडवर्ड्स अपनी मौजूदा 3 करोड़ रुपये की फीस पर CSK में पहुंचे हैं. जैक एडवर्ड्स ऑस्ट्रेलिया के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं, जिन्हें इंटरनेशनल डेब्यू करने से पहले SRH ने साइन किया था. हालांकि वो पैर की चोट के कारण बाहर होने के कारण IPL 2026 में नहीं खेल पाए थे,
वहीं, खलील अहमद की बात करें, तो अपनी मौजूदा 4.8 करोड़ रुपये की कीमत में सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल हुए हैं. खलील अहमद पहले भी SRH के लिए साल 2018 से 2021 तक खेल चुके हैं. हालांकि IPL 2025 में CSK में शामिल हुए. उस सीजन उन्होंने CSK के लिए खेलते हुए 14 मैच में 15 विकेट लिए थे. हालांकि IPL 2026 में इंजरी के कारण सिर्फ 5 मैच ही खेल पाए थे. इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी अपनी मौजूदा फीस 2 करोड़ रुपये पर SRH में शामिल हो गए हैं.
🚨 News 🚨 @ChennaiIPL and @SunRisers have completed a four-player trade ahead of #TATAIPL 2027. Liam Livingstone (INR 6 Crore, revised fee) and Jack Edwards (INR 3 Crore) move to #CSK, while Khaleel Ahmed (INR 4.8 Crore) and Nathan Ellis (INR 2 Crore) join #SRH. Details ▶️ https://t.co/wC0HDKvRzJ
— IndianPremierLeague (@IPL) November 5, 2026
हार्दिक पांड्या को लेकर क्या अपडेट?
IPL 2026 के बाद से लगातार मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर खबरें आ रही हैं. कभी उनके राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड होने की खबर आती है, तो कभी कोलकाता नाइट राइडर्स में जाने की. हाल ही में हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में ट्रेड होने की खबर आई है. रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच इस मेगा ट्रेड को लेकर चर्चा चल रही है. इसके तहत अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में आ सकते हैं, जबकि हार्दिक पांड्या अपनी फ्रेंचाइजी छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो सकते हैं. हालांकि अभी तक इस पर कोई ऑफिशियल अपडेट सामने नहीं आया है.