RCB vs MI Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस के खेमे से बड़ी खबर सामने आ रही है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ होने वाले मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या खेलते नजर नहीं आएंगे. यह मुकाबला 10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में खेला जाएगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के सभी खिलाड़ी रायपुर जाने के लिए रवाना हो गए हैं, लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या दिखाई नहीं दिए. ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि क्या मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को बाहर कर दिया है.
दरअसल, इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी हार्दिक पांड्या मैदान पर नहीं उतरे थे. पांड्या की जगह सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस की कमान संभाली थी. सूर्यकुमार यादव ने टॉस से पहले बताया था कि हार्दिक पांड्या की तबीयत ठीक नहीं है.
हार्दिक पांड्या नहीं पहुंचे रायपुर
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने आरसीबी के खिलाफ होने वाले मैच के लिए टीम के साथ रायपुर ट्रैवल नहीं किया है. रिपोर्ट में कहा गया कि बुधवार यानी 6 मई को मुंबई इंडियंस के सभी खिलाड़ी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर एक साथ आए, लेकिन इस दौरान हार्दिक पांड्या दिखाई नहीं दिए. इतना ही नहीं, टीम के साथ उनके जुड़ने को लेकर कोई अपडेट भी नहीं दिया गया.
इस परेशानी से जूझ रहे हार्दिक पांड्या
IPL 2026 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम बेहद खराब फॉर्म से जूझ रही है. साथ ही खिलाड़ी के तौर पर भी हार्दिक पांड्या गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे में फैंस को शक है कि कहीं उनकी अनुपस्थिति की वजह कुछ और तो नहीं है.
क्रिकबज के रिपोर्ट की मानें, तो मुंबई इंडियंस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 4 मई को हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है. वहीं, फ्रेंचाइजी की ओर से एक बयान में कहा गया कि हार्दिक पांड्या को पीठ में ऐंठन है, जिसके चलते लखनऊ के खिलाफ वह मैदान पर नहीं उतरे. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस के लिए मैदान पर वापसी कब करेंगे.
IPL 2026 में हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन
भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी ठंडा रहा है. इस सीजन हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 8 मुकाबले खेले, जिनमें 2 जीत और 6 का सामना करना पड़ा. इसके अलावा खिलाड़ी के तौर पर भी हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन खास नहीं रहा. हार्दिक ने 8 पारियों में 20.85 की औसत और 136.44 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 146 रन बनाए हैं. वहीं, गेंद से 8 मैचों में 11.90 की इकॉनमी से 4 विकेट अपने नाम किए हैं.