Home > खेल > IPL 2026: PBKS की हार से प्वाइंट्स टेबल में उलटफेर, SRH बनी नंबर-1, बाकी टीमों का क्या हाल?

IPL 2026: PBKS की हार से प्वाइंट्स टेबल में उलटफेर, SRH बनी नंबर-1, बाकी टीमों का क्या हाल?

IPL 2026 Points Table Update: आईपीएल 2026 के प्वाइंट्स टेबल में उलटफेर लगातार जारी है. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पंजाब किंग्स को हराकर प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई है. अब आरसीबी के पास लखनऊ को हराकर पहले नंबर पर कब्जा जमाने का सुनहरा मौका है.

By: Ankush Upadhayay | Published: May 7, 2026 10:46:39 AM IST



IPL 2026 Points Table Update: IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पंजाब किंग्स की हार के बाद प्वाइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर हुआ है. 6 मई को पैट कमिंस की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रनों से रौंद दिया. इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर पहुंच गई है. अब हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने से सिर्फ एक जीत दूर है. SRH के खाते में 14 प्वाइंट्स हो गए हैं. अभी भी उनके पास 3 मैच बाकी हैं, जिनमें से सिर्फ 1 जीत उन्हें प्लेऑफ में पहुंचा देगी. वहीं दूसरी ओर पंजाब किंग्स इस सीजन लगातार तीसरी हार के बाद पहले नंबर से दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, जबकि डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी तीसरे नंबर पर खिसक गई है. हालांकि अब आरसीबी के पास फिर से टेबल टॉपर बनने का मौका है.

टॉप-4 की रेस हुआ रोमांचक

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अभी तक 11 मैच खेले हैं, जिनमें से 7 मैचों में जीत हासिल की है. अब हैदराबाद की टीम के खाते में 14 प्वाइंट्स हो गए हैं, जबकि प्लेऑफ में जाने के लिए 16 प्वाइंट्स काफी हैं. ऐसे में हैदराबाद को अगले बाकी 3 मैचों में से कम से कम एक जीत हासिल करनी होगी. इसके बाद दूसरे नंबर पर पंजाब किंग्स की टीम है, जो शुरुआत में शानदार फॉर्म में थी, लेकिन अब अपनी लय खो चुकी है. पंजाब किंग्स ने 10 मैच खेले हैं, जिनमें 6 जीत और 3 हार मिली है. फिलहाल उनके खाते में 13 प्वाइंट्स हैं. पंजाब किंग्स चाहेगी कि बाकी के 4 मैचों में से कम से कम 2 मुकाबले अपने नाम करे.

वहीं, पिछले सीजन की चैंपियन आरसीबी ने अभी तक 9 मैच ही खेले हैं, जिनमें उन्हें 6 जीत और 3 हार मिली है. आरसीबी के खाते में अभी कुल 12 प्वाइंट्स हैं. अगर आरसीबी अपने अगले मैच में जीत हासिल करती है, तो वो टेबल के टॉप पर पहुंच जाएंगे. दरअसल, एक जीत के बाद आरसीबी का प्वाइंट्स सनराइजर्स हैदराबाद के बराबर हो जाएंगे. आरसीबी की नेट रन रेट हैदराबाद से काफी बेहतर है. ऐसे में वह पहले नंबर पर पहुंच जाएंगे. आरसीबी के ठीक नीचे राजस्थान रॉयल्स की टीम मौजूद है, जिन्होंने 10 मैच खेल लिए हैं. इनमें राजस्थान को 6 जीत और 4 हार का सामना करना पड़ा है.

बाकी टीमों का क्या हाल?

टॉप-4 से बाहर की टीमों की बात करें, तो गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच रेस हो रही है. गुजरात टाइटंस के खाते में 12 प्वाइंट्स हैं, जबकि चेन्नई के पास 10 प्वाइंट्स हैं. हालांकि दोनों ही टीमों ने 10-10 मैच खेल लिए हैं. ऐसे में गुजरात टाइटंस के पास प्लेऑफ में पहुंचने के ज्यादा चांस हैं, लेकिन चेन्नई भी अपनी लय पकड़ चुकी है. अगर चेन्नई ने अपने बाकी 4 मैचों में से 3 मुकाबले जीत लिए, तो वह भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकते हैं.

वहीं, गुजरात को प्लेऑफ में जाने के लिए 4 मैचों में कम से कम 2 जीत की जरूरत है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम प्लेऑफ में अपनी जगह बना पाती है. इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स 7वें नंबर (8 प्वाइंट्स), 8वें नंबर पर कोलकाता नाइट राइडर्स (7 प्वाइंट्स), 9वें पायदान पर मुंबई इंडियंस (6 प्वाइंट्स) और आखिरी स्थान पर लखनऊ सुपर जायंट्स (4 प्वाइंट्स) मौजूद हैं.

Advertisement