Home > खेल > IPL 2026: GT की जीत से प्वाइंट्स टेबल में उथल-पुथल, RR टॉप-4 से बाहर, इन टीमों को भी नुकसान

IPL 2026: GT की जीत से प्वाइंट्स टेबल में उथल-पुथल, RR टॉप-4 से बाहर, इन टीमों को भी नुकसान

IPL 2026 Points Table Update: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत के बाद गुजरात की टीम प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है. वहीं, राजस्थान की टीम टॉप-4 से बाहर हो गई है. देखें अपडेट...

By: Ankush Upadhayay | Published: May 10, 2026 10:32:16 AM IST



IPL 2026 Points Table Update: IPL 2026 के 52वें मैच में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को बड़े अंतर से हरा दिया. शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात ने राजस्थान के खिलाफ 77 रनों से जीत दर्ज की. गुजरात की इस बड़ी जीत के बाद प्वाइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर हुआ है. गुजरात टाइटंस प्वाइंट्स टेबल में 5वें नंबर से सीधे दूसरे पायदान पर आ गई है. गुजरात के खाते में 14 प्वाइंट्स हो गए हैं.

वहीं, राजस्थान रॉयल्स टॉप-4 से ही बाहर हो गई है. राजस्थान की इस हार का नुकसान पंजाब किंग्स और आरसीबी को भी उठाना पड़ा है. पंजाब किंग्स दूसरे नंबर पर से तीसरे पर आ गई है, जबकि आरसीबी चौथे स्थान पर खिसक गई है. वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अभी भी पहले नंबर पर काबिज है. हैदराबाद के पास भी 14 अंक है.

प्वाइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर

गुजरात टाइटंस की टीम प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है. गुजरात को 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार मिली है. फिलहाल उनके खाते में 14 प्वाइंट्स हैं. वहीं, पहले नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद काबिज है, जिन्हें 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार मिली है. हैदराबाद के खाते में भी 14 प्वाइंट्स है, लेकिन उनका नेट रन रेट गुजरात से बेहतर है. फिर तीसरे नंबर पर आती है पंजाब किंग्स, जिन्होंने 10 मुकाबले खेले हैं. इसमें पंजाब को 6 जीत और 3 हार मिली है, जिसके बाद उनके खाते में 13 अंक हैं.

ये भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले बल्लेबाज

इसके बाद चौथे नंबर पर आरसीबी का नंबर आता है. आरसीबी ने 10 मैच खेले हैं, जिनमें 6 जीत और 4 हार मिली है. आरसीबी के खाते में 12 प्वाइंट्स हैं. वहीं, राजस्थान रॉयल्स मैच हारने के बाद चौथे नंबर पर 5वें पायदान पर खिसक गई है. राजस्थान ने अभी तक 11 मैच खेल लिए हैं, जिनमें 6 जीत और 5 हार मिली है. फिलहाल राजस्थान के खाते में 12 प्वाइंट्स हैं.

कैसे रहा मुकाबला?

मैच की बात करें, तो गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रन बोर्ड पर लगा दिए थे. शुभमन गिल ने 84 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसके साथ साईं सुदर्शन  का भी अर्धशतक आया. इसके बाद वाशिंग्टन सुंदर ने भी 20 गेंदों पर 37 रन की असरदार पारी खेली. इसके जवाब में उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही. राजस्थान की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों पर 36 रन बनाए, जबकि रविंद्र जडेजा ने 38 रनों की पारी खेली. वहीं, ध्रुव जुरेल ने 24 रन बनाए. इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया. इसके चलते राजस्थान की पारी 16.3 ओवर में 152 रन पर सिमट गई. इसकी बदौलत गुजरात ने 77 रनों से मैच जीत लिया.

Advertisement