Home > क्रिकेट > RCB या GT नहीं, ये टीम जीतेगी ट्रॉफी…’ अक्षर पटेल ने प्लेऑफ से पहले चुना IPL 2026 का चैंपियन

RCB या GT नहीं, ये टीम जीतेगी ट्रॉफी…’ अक्षर पटेल ने प्लेऑफ से पहले चुना IPL 2026 का चैंपियन

IPL 2026 प्लेऑफ से पहले DC कप्तान अक्षर पटेल ने बड़ी भविष्यवाणी की है. उन्होंने डिफेंडिंग चैंपियन RCB को छोड़ इस टीम को सबसे खतरनाक बताया, और इस सीजन का चैम्पियन भी. जानें क्या है वजह?

By: Shivani Singh | Published: May 25, 2026 7:10:45 PM IST



IPL 2026 के नॉकआउट स्टेज का बिगुल बज चुका है. टूर्नामेंट का पहला क्वालीफायर मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला में खेला जाएगा, जहां डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना 2022 की विजेता गुजरात टाइटंस (GT) से होगा. वहीं बुधवार (27 मई) को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लनपुर में एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें 2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पहले सीजन की विजेता राजस्थान रॉयल्स (RR) आमने-सामने होंगी.

नियम के मुताबिक, पहले क्वालीफायर को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी जबकि हारने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा. उसे एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से शुक्रवार (29 मई) को न्यू चंडीगढ़ में क्वालीफायर-2 में भिड़ना होगा. इस महाकुंभ का खिताबी मुकाबला रविवार, 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.

अक्षर पटेल ने SRH को बताया IPL 2026 चैम्पियन 

इस बीच, दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान अक्षर पटेल के एक बयान ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है. रविवार (24 मई) को ईडन गार्डन्स में खेले गए लीग स्टेज के आखिरी मैच में दिल्ली ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 40 रनों से हरा दिया. मैच के बाद जब अक्षर से पूछा गया कि प्लेऑफ में पहुंच चुकी चारों टीमों में से उन्हें सबसे मजबूत कौन सी लगती है, तो उन्होंने डिफेंडिंग चैंपियन RCB को छोड़ हैदराबाद(SRH) पर दांव लगाया.

साल 2018 से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़े इस गुजराती ऑलराउंडर ने बिना झिझक SRH को सबसे खतरनाक बताया. अक्षर का मानना है कि जब हैदराबाद का टॉप ऑर्डर चलता है, तो उन्हें रोकना नामुमकिन हो जाता है. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बहुत मजबूत दिख रही है. जब उनके टॉप-3 बल्लेबाज रन बनाते हैं, तो उस टीम को रोकना किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के लिए बेहद मुश्किल हो जाता है. इसलिए मेरे नजरिए से SRH सबसे आगे है.’

अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो IPL 2026 के लीग स्टेज में SRH ने कमाल का प्रदर्शन किया है. टीम ने 14 मैचों में से 9 में जीत दर्ज की और 5 में उसे हार का सामना करना पड़ा. हालांकि, 18 अंक होने के बावजूद खराब नेट रन रेट की वजह से वह अंक तालिका में RCB और GT से पिछड़कर तीसरे नंबर पर रही.

हैदराबाद की सबसे बड़ी ताकत

हैदराबाद की सबसे बड़ी ताकत उसकी बल्लेबाजी रही है. टीम के तीन प्रमुख बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा इस सीजन में 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं. नॉकआउट मैचों में भी टीम को इनसे बड़ी उम्मीदें होंगी. इन तीनों की फॉर्म का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार (22 मई) को RCB के खिलाफ खेले गए आखिरी लीग मैच में तीनों ने शानदार अर्धशतक जड़े थे और टीम को 55 रनों से जीत दिलाई थी.

Advertisement