Home > खेल > IPL 2026: ऑरेंज कैप की रेस में SRH का राज, क्या वैभव सूर्यवंशी बन पाएंगे नंबर-1, कोहली कितना पीछे?

IPL 2026: ऑरेंज कैप की रेस में SRH का राज, क्या वैभव सूर्यवंशी बन पाएंगे नंबर-1, कोहली कितना पीछे?

आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप प्लेयर लिस्ट: आईपीएल 2026 के सीजन में आधे से ज्यादा मुकाबले खेले जा चुके हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने ऑरेंज कैप की रेस में अपना दबदबा बनाया हुआ है. हैदराबाद के 3 बल्लेबाजों ने 400 से ज्यादा रन बनाए हैं. देखें लिस्ट...

By: Ankush Upadhayay | Last Updated: May 9, 2026 12:12:37 PM IST



आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप प्लेयर लिस्ट: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन में 50 से ज्यादा मुकाबले खेले जा चुके हैं. हर मुकाबले के साथ ऑरेंज कैप की रेस रोमांचक होती जा रही है. दिल्ली कैपिटल्स बनाम केकेआर के मैच के बाद ऑरेंज कैप की रेस में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों का दबदबा बना हुआ है. फिलहाल ऑरेंज कैप की रेस में टॉप-5 में सनराइजर्स हैदराबाद के 3 बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन शामिल हैं.

वहीं, राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के सलामी युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी इस लिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए हैं. दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी टॉप-5 में शामिल हैं. वैभव सूर्यवंशी अभी 5वें नंबर पर हैं, लेकिन आज उनके पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका होगा. आज यानी 9 मई को राजस्थान और गुजरात टाइटंस के बीच मैच खेला जाएगा. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें होंगी, जो अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं.

ऑरेंज कैप की रेस में कौन आगे?

IPL 2026 के ऑरेंज कैप रेस की बात करें, तो सनराइजर्स हैदराबाद के धाकड़ बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन पहले नंबर पर हैं. क्लासेन ने 11 पारियों में 157.32 के स्ट्राइक रेट से 494 रन बनाए हैं. इसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं. इसके बाद दूसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 11 पारियों में 210.17 के स्ट्राइक रेट से 475 रन बनाए हैं. फिर तीसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल मौजूद हैं. केएल राहुल 11 पारियों में 180.00 के स्ट्राइक रेट से 468 रन बना चुके हैं. वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस लिस्ट में चौथे नंबर पर शामिल हैं. ईशान ने 11 पारियों में 186.75 के स्ट्राइक रेट से 409 रन बनाए हैं.

ये भी पढ़ें: KKR Playoffs Scenario: लगातार चौथी जीत… क्या प्लेऑफ में जा सकती है कोलकाता? यहां देखें समीकरण

वैभव सूर्यवंशी कैसे बनेंगे नंबर-1?

राजस्थान के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की रेस में पांचवें नंबर पर मौजूद हैं. वैभव सूर्यवंशी ने 10 पारियों में 237.64 के स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए हैं. इस दौरान वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 1 शतक और 2 अर्धशतक आए हैं. अगर वैभव सूर्यवंशी गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में 91 रन बनाने में कामयाब होते हैं, तो वह ऑरेंज कैप की रेस में नंबर-1 पर पहुंच जाएंगे. वैभव सूर्यवंशी के अलावा गुजरात के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन भी एक्शन में होंगे, जो ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए हैं. फिलहाल साईं सुदर्शन ऑरेंज कैप की रेस में 7वें पायदान पर हैं. उन्होंने 10 पारियों में 158.43 के स्ट्राइक रेट से 385 रन बनाए हैं.

विराट कोहली कितना पीछे?

लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम आरसीबी के मैच में विराट कोहली डक पर आउट हो गए थे. इसके चलते वह ऑरेंज कैप की रेस में काफी पिछड़ गए हैं. मौजूदा सीजन में कोहली के बल्ले से 10 पारियों में 164.06 के स्ट्राइक रेट से 379 रन आए हैं. फिलहाल वह 9वें नंबर पर हैं.

Advertisement