Home > क्रिकेट > आज हारे तो सब खत्म! प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद बचाने उतरेगी चेन्नई, चेपॉक के चक्रव्यूह में फंसेगी ‘ट्रेवि-शेक’ की जोड़ी?

आज हारे तो सब खत्म! प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद बचाने उतरेगी चेन्नई, चेपॉक के चक्रव्यूह में फंसेगी ‘ट्रेवि-शेक’ की जोड़ी?

IPL 2026, CSK vs SRH Preview: चेन्नई के लिए आज 'करो या मरो' का मुकाबला है, प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद बचाने के लिए CSK ने चेपॉक में हैदराबाद की ट्रेविस हेड और अभिषेक जोड़ी को फंसाने के लिए...

By: Shivani Singh | Published: May 18, 2026 10:10:50 AM IST



IPL 2026, CSK vs SRH Preview: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए अब आईपीएल का हर मैच नॉकआउट जैसा हो चुका है. लीग स्टेज में सिर्फ दो मैच बचे हैं और गलती की रत्ती भर भी गुंजाइश नहीं है. दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की हालत इतनी खराब तो नहीं है लेकिन वे पूरी तरह से बेफिक्र भी नहीं बैठ सकते. सात जीत के साथ वे प्लेऑफ के बिल्कुल करीब हैं लेकिन सोमवार को चेपॉक (MA Chidambaram Stadium) में मिलने वाली एक हार उनके क्वालिफिकेशन के समीकरण को बिगाड़ सकती है. जब इस सीजन में पिछली बार ये दोनों टीमें आमने-सामने थीं, तब सनराइजर्स के विस्फोटक ओपनर्स, ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने अकेले दम पर मैच का रुख तय कर दिया था. इस जोड़ी ने महज 5.5 ओवरों में ही 75 रन कूट डाले थे. CSK ने बाद में वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन शुरुआती ओवरों का वह नुकसान आखिर में उन पर भारी पड़ा.

पावरप्ले का पावर गेम

CSK की रणनीति का सबसे बड़ा हिस्सा अब इसी शुरुआती तूफान को रोकना है, खासकर तब जब टीम खुद पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) में जूझती दिखी है. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ पिछले मैच में भी CSK पहले 6 ओवरों के खेल में चाहे बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी काफी पीछे रह गई थी. खासकर गेंदबाजी में पावरप्ले का फ्लॉप होना उन्हें मैच से बाहर कर गया. CSK के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ने इस शुरुआती फेज पर लगाम कसने की अहमियत को बखूबी समझाया. हेड और अभिषेक जैसी खतरनाक जोड़ी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘आप शायद पावरप्ले में मैच जीत नहीं सकते, लेकिन आप इसे वहाँ हार जरूर सकते हैं. हम जानते हैं कि हमारे सामने कितनी बेहतरीन बल्लेबाजी लाइन-अप है और हम उसी के मुताबिक तैयारी कर रहे हैं.’

पिच और CSK का ‘लेफ्ट-आर्म’ प्लान

सुपर किंग्स के लिए राहत की बात बस इतनी है कि वे अपने घर यानी चेपक लौट रहे हैं, जहाँ के हालात उनकी रणनीति को थोड़ा सहारा दे सकते हैं. हैदराबाद की सपाट पिच के मुकाबले चेन्नई की विकेट पर गेंदबाजों को थोड़ा ज्यादा बाउंस और मदद मिलने की उम्मीद है. जॉनसन का मानना है कि घरेलू मैदान का यह फायदा उन्हें SRH के ओपनर्स पर लगाम लगाने में मदद करेगा.

इस मैच में एक बड़ा रणनीतिक दांव बाएं हाथ के गेंदबाजों का इस्तेमाल हो सकता है. CSK के पास स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह के रूप में तीन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो सनराइजर्स की दोनों ओपनिंग जोड़ी के लिए गेंद को बाहर की तरफ निकाल सकते हैं. इसके अलावा पावरप्ले में कमाल करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन भी टीम में हैं. यानी CSK के पास हैदराबाद की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के कई रास्ते मौजूद हैं. वैसे भी, अभिषेक शर्मा शुरुआती 6 ओवरों में स्पिन के सामने थोड़ा असहज दिखे हैं, और CSK इस कमजोरी का पूरा फायदा उठाना चाहेगी.

सिर्फ दो बल्लेबाजों की टीम नहीं है SRH

हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी सिर्फ हेड और अभिषेक के भरोसे नहीं टिकी है. हेनरिक क्लासेन इस सीजन में गजब की फॉर्म में रहे हैं जो मिडिल ओवरों को संभालने से लेकर मैच को फिनिश करने तक का काम बड़ी निरंतरता के साथ कर रहे हैं. वहीं ईशान किशन भले ही इस सीजन में थोड़े उतार-चढ़ाव से गुजरे हों लेकिन वे किसी भी वक्त मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं.

SRH के बॉलिंग कोच वरुण एरॉन ने क्लासेन की तारीफ करते हुए साफ कहा,’वे पिछले 7-8 सालों से टी-20 क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक रहे हैं और हमारी बल्लेबाजी की सबसे मजबूत कड़ी हैं.’

Tags:
Advertisement