Home > खेल > क्या पाकिस्तान टीम भारत आ पाएगी? भारत सरकार ने जारी किया स्टेटमेंट, क्या है पूरा मामला

क्या पाकिस्तान टीम भारत आ पाएगी? भारत सरकार ने जारी किया स्टेटमेंट, क्या है पूरा मामला

भारत सरकार ने भार-पाक के खेल संबंधो पर कहा है कि दोनों देशों के बीच बाइलैटरल सीरीज आयोजित नहीं होनी चाहिए. भारत पाकिस्तान सिर्फ मल्टीनेशनल इवेंट्स में ही हिस्सा ले पाएंगे.

By: Satyam Senger | Published: May 6, 2026 4:45:34 PM IST



भारत सरकार ने एक बार फिर पाकिस्तान के साथ खेल संबंधों को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय खेल सीरीज की अनुमति न तो भारत में दी जाएगी और न ही पाकिस्तान में. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा जारी ताज़ा निर्देश में सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों, भारतीय ओलंपिक संघ और भारतीय खेल प्राधिकरण को सूचित किया गया है कि पाकिस्तान के साथ किसी भी प्रकार की द्विपक्षीय खेल प्रतियोगिता आयोजित नहीं की जानी चाहिए.

इस फैसले के बाद निकट भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच घरेलू या विदेशी मैदानों पर सीधी द्विपक्षीय श्रृंखलाओं की संभावना लगभग समाप्त हो गई है. यह प्रतिबंध क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल सहित अन्य खेलों पर भी लागू रहेगा. हालांकि, यह रोक बहुराष्ट्रीय या इंटरनेशनल टूर्नामेंटों पर लागू नहीं होगी. भारत और पाकिस्तान आईसीसी टूर्नामेंट, एशिया कप, ओलंपिक, एशियाई खेलों और अन्य इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में एक-दूसरे के खिलाफ खेलते रहेंगे, बशर्ते वे मान्यता प्राप्त वैश्विक खेल संस्थाओं द्वारा आयोजित हों.

मंत्रालय ने क्या कहा?

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यदि भारत किसी इंटरनेशनल टूर्नामेंट की मेजबानी करता है, तो उसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों और टीमों को भाग लेने की अनुमति दी जाएगी. इसी तरह भारतीय खिलाड़ी भी बहुराष्ट्रीय आयोजनों के तहत पाकिस्तान में प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं. यह निर्देश भारत के उस लंबे समय से चले आ रहे रुख को दोहराता है, जिसके तहत राजनीतिक तनाव के चलते दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय खेल संबंधों पर रोक बनी हुई है.

भारत पाकिस्तान ने कब खेली थी आखिरी सीरीज?

क्रिकेट की बात करें तो भारत और पाकिस्तान ने आखिरी बार 2012-13 में द्विपक्षीय सीरीज खेली थी. इसके बाद से दोनों टीमें केवल आईसीसी और एशियाई क्रिकेट परिषद के आयोजनों में ही आमने-सामने आई हैं. सरकार के इस ताज़ा स्पष्टीकरण के बाद साफ हो गया है कि खेल जगत की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में से एक भारत-पाकिस्तान मुकाबला अब केवल वैश्विक मंचों पर ही देखने को मिलेगा, जबकि अलग से द्विपक्षीय श्रृंखलाओं की फिलहाल कोई संभावना नहीं है. यह फैसला आने वाले समय में कई खेलों की शेड्यूलिंग को प्रभावित कर सकता है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था के अनुसार दोनों देशों के बीच मुकाबले सिर्फ इंटरनेशनल और बहु-टीम टूर्नामेंटों तक ही सीमित रहेंगे.

Advertisement