Home > क्रिकेट > 10 जुलाई से टेस्ट सीरीज, इंग्लैंड के खिलाफ खेलने उतरेगा भारत, कहां देख पाएंगे Live स्ट्रीमिंग?

10 जुलाई से टेस्ट सीरीज, इंग्लैंड के खिलाफ खेलने उतरेगा भारत, कहां देख पाएंगे Live स्ट्रीमिंग?

Ind w vs Eng w Test Series Live Streaming: भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम 10 जुलाई से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी. 142 साल के इतिहास में पहली बार लॉर्ड्स विमेंस टेस्ट की मेजबानी करेगा. आइए जानते हैं कि मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप कहां देख पाएंगे?

By: Satyam Sengar | Published: July 9, 2026 5:52:30 PM IST



Ind w vs Eng w Test Series Live Streaming: भारतीय विमेंस क्रिकेट टीम 10 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट मैच खेलने उतरेगी. यह मुकाबला लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. खास बात यह है कि 142 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार इस मैदान पर विमेंस टेस्ट मैच आयोजित किया जा रहा है. ऐसे में यह मुकाबला विमेंस क्रिकेट के लिए एक यादगार पल साबित होने वाला है. इस मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है और चार दिनों के लिए 30 हजार से ज्यादा टिकट पहले ही बिक चुके हैं, जो यूनाइटेड किंगडम में किसी विमेंस टेस्ट के लिए नया रिकॉर्ड है.
 
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस मुकाबले में मजबूत रिकॉर्ड के साथ उतरेगी. भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 15 विमेंस टेस्ट खेले गए हैं, जिनमें भारत ने तीन और इंग्लैंड ने एक मैच जीता है, जबकि 11 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. हालांकि मैच से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है. सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल घुटने की चोट के कारण टीम से बाहर हो गई हैं. उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज प्रिया पुनिया को टीम में शामिल किया गया है. दूसरी ओर, इंग्लैंड ने एलिस कैप्सी, एली थ्रेलकेल्ड, ग्रेस पॉट्स, मैडी विलियर्स और युवा स्पिनर टिली कोर्टीन-कोलमैन को पहली बार टेस्ट टीम में जगह दी है.
 

कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?

भारत और इंग्लैंड के बीच यह एकमात्र विमेंस टेस्ट 10 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. मैच का खेल भारतीय समयानुसार हर दिन दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. वहीं टॉस पहले दिन यानी 10 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे होगा. दोनों टीमें इस ऐतिहासिक मुकाबले में जीत के साथ नई शुरुआत करना चाहेंगी.
 

यहां देखें लाइव प्रसारण

भारतीय दर्शक इस ऐतिहासिक विमेंस टेस्ट मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे. वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. विमेंस क्रिकेट के इतिहास में यह मुकाबला खास महत्व रखता है और दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस पर टिकी रहेंगी.

Advertisement