India vs New Zealand Series: न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने 2026 – 27 घरेलू अंतरराष्ट्रीय सीजन का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसमें सबसे बड़ा आकर्षण भारत का लंबा और ऐतिहासिक दौरा होगा. भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड में कुल 12 मुकाबले खेलेगी. इस दौरे में पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच शामिल हैं. यह न्यूजीलैंड के इतिहास में किसी विदेशी टीम का सबसे बड़ा द्विपक्षीय दौरा माना जा रहा है.
टी20 सीरीज से होगा दौरे का आगाज
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज से इस दौरे की शुरुआत होगी. पहला और दूसरा टी20 मुकाबला क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में 22 और 24 अक्टूबर को खेला जाएगा. इसके बाद तीसरा मैच 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, चौथा 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क और पांचवां मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में आयोजित होगा. यह सीरीज दोनों टीमों के बीच रोमांचक क्रिकेट की शुरुआत करेगी.
वनडे सीरीज में पांच मुकाबलों की टक्कर
टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी. पहला वनडे 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा. दूसरा और तीसरा वनडे क्रमशः 7 नवंबर को वेलिंगटन और 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा. चौथा और पांचवां मुकाबला 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान में आयोजित किया जाएगा. यह सीरीज दोनों टीमों के लिए 2027 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है.
टेस्ट सीरीज में होगी अंतिम चुनौती
वनडे सीरीज के बाद भारत और न्यूजीलैंड दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेंगे. पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन के ऐतिहासिक बेसिन रिजर्व में आयोजित होगा. दूसरा और अंतिम टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल में खेला जाएगा. टेस्ट सीरीज दौरे का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होगी, जहां दोनों टीमें अपनी पारंपरिक प्रतिद्वंद्विता को आगे बढ़ाएंगी.
क्रिकेट से बढ़ेंगे दोनों देशों के रिश्ते
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य मार्केटिंग एवं कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने इस दौरे को “पीढ़ी में एक बार मिलने वाला अवसर” बताया है. उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट शक्ति है और यह दौरा खेल के साथ-साथ दोनों देशों के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का भी उत्सव होगा.
पिछले कुछ वर्षों में 2019 विश्व कप सेमीफाइनल, 2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और अन्य बड़े टूर्नामेंटों में दोनों टीमों के बीच यादगार मुकाबले हुए हैं. ऐसे में 2026 का यह दौरा क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बेहद खास रहने वाला है.