भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी सीरीज के बाद समीक्षा बैठक की पुष्टि की है, जिससे साफ है कि टीम में बदलाव तय माने जा रहे हैं. हालांकि सीरीज का फैसला हो चुका है, लेकिन पांचवां टी20 भारत के लिए सम्मान बचाने का मौका होगा. टीम मैनैजमेंट इस मुकाबले में कुछ नए संयोजन आजमा सकता है. दूसरी ओर, इंग्लैंड अपनी टीम में खिलाड़ियों के कार्यभार को देखते हुए कुछ बदलाव कर सकता है, जबकि भारत का फोकस भविष्य की तैयारियों के लिए सही संयोजन तलाशने पर रहेगा.
ओपनिंग में हो सकते हैं बदलाव
भारत युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर भरोसा कायम रख सकता है, भले ही वह अब तक बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हों. टीम मैनेजमेंट उन्हें आखिरी मुकाबले में खुद को साबित करने का एक और अवसर देना चाहेगा. अभिषेक शर्मा ने चार पारियों में 128 रन बनाकर अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए उनकी जगह लगभग तय मानी जा रही है. वहीं, संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो सकती है और उन्हें तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी का मौका मिल सकता है. ईशान किशन को मिडिल ऑर्डर में भेजकर बल्लेबाजी को बैलेंस करने की कोशिश की जा सकती है.