Home > खेल > न्यूजीलैंड दौरे के लिए 5 तेज गेंदबाज शॉर्टलिस्ट, मोहम्मद शमी का नाम नहीं, आकिब पर भी BCCI का भरोसा नहीं

न्यूजीलैंड दौरे के लिए 5 तेज गेंदबाज शॉर्टलिस्ट, मोहम्मद शमी का नाम नहीं, आकिब पर भी BCCI का भरोसा नहीं

India vs New Zealand: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पांच तेज गेंदबाजों को शॉर्टलिस्ट किया है. जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज समेत पांच नाम शामिल हैं, जबकि मोहम्मद शमी और आकिब नबी को जगह नहीं मिली.

By: Satyam Sengar | Published: September 2, 2026 6:00:14 PM IST



BCCI Shortlist 5 Bowlers: भारतीय क्रिकेट टीम इस साल के अंत में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी. इस दौरे पर भारत को 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं. टेस्ट सीरीज भारत के लिए काफी अहम होगी, क्योंकि टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की पाइंट टेबल में टॉप-2 में जगह बनाकर 2027 के फाइनल में पहुंचना चाहती है. यह फाइनल इंग्लैंड के द ओवल मैदान पर खेला जाना है.

टेस्ट सीरीज को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पांच तेज गेंदबाजों को शॉर्टलिस्ट किया है. इनमें जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और आकाश दीप के नाम शामिल हैं. हालांकि, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को इस लिस्ट में जगह नहीं मिली है. शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट में 229 विकेट लिए हैं और न्यूजीलैंड में चार टेस्ट मैचों में 15 विकेट हासिल किए हैं.

आकिब नबी भी शॉर्टलिस्ट नहीं
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को भी इस लिस्ट में जगह नहीं मिली है. उन्होंने 2025-26 रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे. इसके बाद उन्हें पिछले महीने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. वहीं, गुरनूर बरार ने अभी तक भारत के लिए टेस्ट मैच नहीं खेला है, लेकिन इंडिया ए और घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट को प्रभावित किया है.

बुमराह और आकाश की फिटनेस पर नजर
शॉर्टलिस्ट किए गए गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप फिलहाल चोट से उबर रहे हैं. बीसीसीआई अधिकारी गुरुवार को मुंबई में भारतीय टीम मैनेजमेंट के साथ बैठक करेंगे. इसमें गेंदबाजों की फिटनेस, उपलब्धता और संभावित भूमिका पर चर्चा होने की उम्मीद है. न्यूजीलैंड की परिस्थितियां आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होती हैं, इसलिए भारत मजबूत पेस अटैक तैयार करना चाहता है. भारत ने 2020 में न्यूजीलैंड में आखिरी बार टेस्ट सीरीज खेली थी, जिसमें विराट कोहली की टीम दोनों मैच हार गई थी. इसके बाद न्यूजीलैंड ने भारत में हुई पिछली टेस्ट सीरीज में भारत को 3-0 से हराया था.

Advertisement