बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाली आगामी सीरीज को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड सीरीज के लिए नई तारीख और नया समय तय करने पर बातचीत कर रहे हैं. भारत को पहले अगस्त-सितंबर में बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने थे. हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों के कारण यह सीरीज तय शेड्यूल के अनुसार होना मुश्किल है. इसके बावजूद तमीम ने साफ किया कि सीरीज अभी रद्द नहीं हुई है.
तमीम इकबाल के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और बीसीबी दोनों चाहते हैं कि यह सीरीज आयोजित हो. दोनों बोर्ड लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं और ऐसी विंडो तलाश रहे हैं, जिसमें दोनों टीमों के व्यस्त शेड्यूल के बीच मुकाबले कराए जा सकें. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के सामने भी आगे तीन सीरीज हैं, जबकि भारतीय टीम का शेड्यूल भी काफी बिजी है. ऐसे में तारीख तय करना आसान नहीं है, लेकिन बातचीत पॉजिटिव दिशा में आगे बढ़ रही है.
टी20 विश्व कप को लेकर तमीम ने मानी गलती
तमीम ने बांग्लादेश के 2026 टी20 विश्व कप में नहीं खेलने के फैसले पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि इस मामले को बेहतर तरीके से बातचीत करके सुलझाया जा सकता था. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से नाम वापस लिया था. इससे पहले मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से रिलीज किया गया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया था.
राजनीति से अलग रहना चाहिए खेल
तमीम ने कहा कि बांग्लादेश को हर हाल में विश्व कप खेलना चाहिए था. उन्होंने दावा किया कि विश्व कप को लेकर बातचीत के दौरान कई ऐसी बातें हुई थीं, जिन्हें अगर पब्लिक किया जाए तो लोग हैरान हो सकते हैं. हालांकि, उन्होंने इन बातों का खुलासा करने से इनकार किया. तमीम ने यह भी कहा कि खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए. उन्होंने ईरान के अमेरिका में खेलने का उदाहरण देते हुए कहा कि मुश्किल राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद खेल जारी रखा जा सकता है. भारत-बांग्लादेश सीरीज को लेकर उन्होंने एक बार फिर उम्मीद जताई कि दोनों बोर्ड मिलकर नया शेड्यूल तय कर लेंगे.