IND W vs ENG W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर गई है. इस दौरे पर भारत और इंग्लैंड के बीच एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा, जो 10 जुलाई से शुरू होगा. यह मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. यह मुकाबले भारतीय टीम के लिए काफी अहम है, लेकिन इससे पहले टीम की मुश्किलें बढ़ गई है. दरअसल, भारतीय महिला टीम की 25 वर्षीय स्टार बल्लेबाज प्रतिका रावल इस टेस्ट मैच से बाहर हो गई हैं.
प्रतिका रावल की जगह प्रिया पुनिया को टीम इंडिया की स्क्वाड में शामिल किया गया है. भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार (Amol Muzumdar) ने खुद इसकी पुष्टि की. उन्होंने बताया कि प्रतिका रावल चोटिल होने की वजह से इस टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगी.
प्रतिका रावल को कैसी लगी चोट?
भारतीय स्टार बल्लेबाज प्रतिका रावल (Pratika Rawal) को पिछले हफ्ते टॉनटन में इंग्लैंड ए के खिलाफ खेले गए दूसरे एकदिवसीय मैच के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लगी थी. इसके चलते उन्होंने इंडिया ए के लिए बल्लेबाजी भी नहीं की. हेड कोच अमोल मजूमदार ने बताया कि प्रतिका रावल के घुटने पर चोट लगी थी, जिसमें टांके लगाने पड़े. ऐसे में प्रतिका की जगह प्रिया पुनिया को टीम में शामिल किया गया है. बता दें कि प्रिया पुनिया ने टेस्ट क्रिकेट में अभी तक कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है. उन्होंने 3 मैचों की ए सीरीज में 2 अर्धशतक लगाए हैं.
ये भी पढ़ें: क्या है ICC हॉल ऑफ फेम? जिसमें शामिल होने जा रहा ‘दादा’, कितने भारतीय खिलाड़ियों को मिला ये सम्मान
रावल का टेस्ट करियर
प्रतिका रावल ने भारत के लिए टेस्ट फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में डेब्यू किया था. उस मुकाबले में प्रतिका रावल ने पहली पारी में 18 रन और दूसरी पारी में 63 रन बनाए थे. हालांकि उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को भारत को बुरी तरह हराया था. प्रतिका रावल इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में ऐतिहासिक टेस्ट खेलने वाली थी, लेकिन चोट की वजह से वह चूक गई.
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेला जाने वाला टेस्ट मैच महिला क्रिकेट के ऐतिहासिक पन्नों में दर्ज होगा. दरअसल, अभी तक लॉर्ड्स के मैदान पर कोई भी महिला टेस्ट नहीं खेला गया है. अब भारत और इंग्लैंड की महिला टीम इस मैदान पर पहला टेस्ट मैच खेलने के लिए तैयार हैं.
प्रतिका रावल का इंटरनेशनल करियर
प्रतिका रावल ने भारत के लिए वनडे और टेस्ट में डेब्यू कर लिया है. उन्होंने भारत के लिए 1 टेस्ट मैच में 40.50 की औसत से 81 रन बनाए हैं. वहीं, वनडे में प्रतिका रावल ने 27 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान प्रतिका के बल्ले से 47.56 की औसत से 1,189 रन आए हैं, जिसमें 2 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं.