Sanju Samson After Hyderabad T20 Defeat: वेस्टइंडीज ने हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारतीय टीम को 24 रनों से हराया. इस मैच में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने तूफानी अर्धशतक लगाया. उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों पर 56 रनों की पारी खेली. हालांकि इसके बावजूद वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए. इस मैच में भारतीय टीम की हार के लिए भारत के गेंदबाजों की आलोचना की जा रही है, जिन्होंने 20 ओवर में 247 रन खर्च कर दिए. खासकर मयंक यादव और अर्शदीप सिंह की गेंदबाजी पर सवाल उठ रहे हैं. इस बीच संजू सैमसन ने उनका बचाव किया है. संजू सैमसन ने कहा कि भारत के उभरते तेज गेंदबाज अनुभव हासिल करने के साथ बेहतर होते जाएंगे. जानिए संजू सैमसन ने क्या कहा…
संजू ने किया अर्शदीप-मयंक का बचाव
मैच के बाद संजू सैमसन ने टीम इंडिया की हार के कारणों पर बात की. इस दौरान उन्होंने भारतीय गेंदबाजों का बचाव किया. उन्होंने कहा कि भारत के पास कुछ अच्छे युवा तेज गेंदबाज हैं. अर्शदीप सिंह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि प्रिंस यादव की गेंदबाजी पिछले कुछ मैचों में असरदार रही है. संजू का कहना है कि टीम इंडिया के पास वास्तव में कुछ प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं. उन्हें जितना अधिक खेलने का मौका देंगे, उतना ही वह बेहतर होते जाएंगे. हालांकि संजू सैमसन ने माना कि भारत के पास तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का कोई रिप्लेसमेंट नहीं है. संजू ने कहा, ‘हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा गेंदबाज है.’
मयंक-अर्शदीप ने डुबोई भारत की लुटिया!
चौथे टी20 में भारतीय गेंदबाजों ने खूब रन लुटाए. खासकर तेज गेंदबाज मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने निराशाजनक गेंदबाजी की. उन दोनों ने अपने 4-4 ओवर में कुल 102 रन खर्च कर दिए. इसका मतलब है कि वेस्टइंडीज ने सिर्फ इन 2 गेंदबाजों के कुल 8 ओवर में 104 रन बटोरे. इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल ने भी खूब रन लुटाए.
ये भी पढ़ें: उसे बर्बाद कर दिया… वैभव सूर्यवंशी को मौका न मिलने पर भड़के पूर्व कप्तान, गंभीर की मैनेजमेंट को लताड़ा
संजू ने की शे होप की तारीफ
संजू सैमसन ने आगे बात करते हुए वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि वह जिस तरह से खेल रहे हैं, उसका पूरा क्रेडिट उन्हें जाता है. संजू ने कहा कि टीम इंडिया शे होप को रोकने का तरीका ढूंढ रही है. बता दें कि चौथे टी20 मैच में शे होप ने इस सीरीज में अपना दूसरा शतक लगाया. उन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रनों की पारी खेली. इसके दम पर वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 248 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके सामने टीम इंडिया 223 रन पर सिमट गई.