Home > खेल > IND vs WI: संजू सैमसन फॉर्म में लौटे, दूसरे टी20 में दिखाया रौद्र रूप, वैभव सूर्यवंशी का बढ़ा इंतजार

IND vs WI: संजू सैमसन फॉर्म में लौटे, दूसरे टी20 में दिखाया रौद्र रूप, वैभव सूर्यवंशी का बढ़ा इंतजार

IND vs WI 2nd T20: वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में संजू सैमसन ने तूफानी अर्धशतक लगाया. उन्होंने सिर्फ 41 गेंद पर 82 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के लगाए. हालांकि वह अपना शतक पूरा करने से चूक गए, लेकिन अपनी इस पारी से उन्होंने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है.

By: Ankush Upadhayay | Last Updated: October 9, 2026 8:40:02 PM IST



Sanju Samson Fifty: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन एक बार फिर फॉर्म में वापस आ गए हैं. संजू सैमसन ने दूसरे टी20 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार पारी खेली. उन्होंने 41 गेंद पर 82 रनों की तूफानी पारी खेली. इस पारी के दौरान संजू सैमसन के बल्ले से 9 चौके और 4 छक्के आए. हालांकि वह अपना शतक पूरा करने से चूक गए, लेकिन भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

इस पारी के साथ संजू सैमसन (Sanju Samson) ने एक बार फिर अपने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है. दरअसल, संजू पिछले कुछ मैचों से फॉर्म में नहीं चल रहे थे. इस सीरीज के पहले मैच में भी संजू सैमसन सिर्फ 11 रन ही बना पाए थे. ऐसे में उन्हें टीम से बाहर करके वैभव सूर्यवंशी को मौका दिए जाने की चर्चा चल रही थी.

वैभव सूर्यवंशी का बढ़ा इंतजार!

संजू सैमसन की इस शानदार पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी का इंतजार बढ़ गया है. वैभव सूर्यवंशी पिछले 2 मैचों से बेंच पर बैठे हुए हैं. संजू सैमसन के खराब फॉर्म को देखते हुए उम्मीद लगाई जा रही थी कि वैभव को उनकी जगह मौका दिया जा सकता है. 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने बल्ले से खूब तहलका मचाया है. सोशल मीडिया पर भी उनकी प्लेइंग-11 में एंट्री की मांग की जा रही है. हालांकि टीम मैनेजमेंट का कहना है कि वो संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी के साथ जाना चाहते हैं. ऐसे में संजू सैमसन के फॉर्म में वापस आने से वैभव का इंतजार बढ़ गया है.

संजू को मिले 2 जीवनदान

संजू सैमसन को दूसरे टी20 मैच में किस्मत का भी खूब साथ मिला. वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने संजू सैमसन के 2 कैच छोड़े, जिससे उन्हें जीवनदान मिला. संजू का पहला कैच अकील हुसैन की गेंद पर कवर्स में छूटा, जब संजू सिर्फ 6 रन बनाकर खेल रहे थे. इसका फायदा उठाते हुए संजू सैमसन ने अकील हुसैन की जमकर पिटाई की और ओवर में 22 रन ठोक दिए. इसके बाद संजू को दूसरा जीवनदान रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर 42 रन के स्कोर पर मिला. इसके बाद संजू ने इसका फायदा उठाया और सिर्फ 21 गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया.

मैच का क्या हाल?

मैच की बात करें, तो दूसरे टी20 में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. भारत की ओर से संजू सैमसन ने 82 रनों की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा 20 रन बनाकर आउट हुए. इसके अलावा ईशान किशन ने 22 गेंद पर 43 रनों की पारी खेली, जबकि शिवम दुबे सिर्फ 7 रन बना पाए. फिलहाल कप्तान श्रेयस अय्यर (34) और तिलक वर्मा (21) बल्लेबाजी कर रहे हैं. भारत ने 18 ओवर में 4 विकेट खोकर 215 रन बना लिए हैं.

Advertisement