Pitch Change Controversy: भारत और श्रीलंका के बीच शुरू होने वाले 2 मैचों की टेस्ट सीरीज से बड़ा विवाद सामने आया है. भारतीय टीम मैनेजमेंट प्रैक्टिस मैच से पहले श्रीलंका क्रिकेट से नाराज हो गई है. इसकी वजह कुछ और नहीं, बल्कि मैदान की पिच है. दरअसल, भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो में नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब के खिलाफ 3 दिनों का प्रैक्टिस मैच खेलेगी. इस मैच के लिए जो पिच तैयार कराई गई है, उसे देखकर भारतीय टीम का खेमा नाराज है.
भारतीय टीम मैनेजमेंट का मानना है कि यह पिच टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिहाज से ठीक नहीं है. भारतीय क्रिकेट टीम का मानना था कि श्रीलंका में उन्हें स्पिन-फ्रेंडली कंडीशन मिलेगी. ऐसे में टीम इंडिया के बल्लेबाज जमकर स्पिन की तैयारी कर रहे थे, लेकिन जब वे प्रैक्टिस मैच की पिच देखने पहुंचे, तो पता चला कि वहां पर घास छोड़ी गई है. इस पर टीम मैनेजमेंट ने अपनी नाराजगी जाहिर की है.
NCC ने दी ये सफाई
इस विवाद को लेकर नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (NCC) की ओर से भी बयान सामने आया है. पिच को लेकर हुए विवाद पर क्लब के सीनियर अधिकारी ए. फ्रेंके ने कहा कि उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के खास अनुरोध पर पिच पर घास छोड़ी है. उन्होंने एक टेलीविजन चैनल से बातचीत करते हुए कहा, ‘भारतीय टीम का कहना था कि विकेट पर जरूरत से ज्यादा घास है, लेकिन तीन दिवसीय लाल गेंद के मैच के लिए हम इसी तरह की पिच तैयार करते हैं. आप बिना घास के पूरी तरह से सूखी पिच किसी लंबे मैच के लिए नहीं सौंप सकते. इस एक शिकायत के अलावा भारतीय टीम मैदान और अन्य सुविधाओं से पूरी तरह संतुष्ट थी.’
भारतीय टीम की क्या है परेशानी?
दरअसल, भारतीय टीम 15 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेलेगी. यह मुकाबला गॉल के मैदान पर खेला जाएगा, जो स्पिन का गढ़ माना जाता है. इस मैदान पर पहले ही दिन से स्पिनर्स को खूब मदद मिलती है. ऐसे में टीम इंडिया प्रैक्टिस मैच में भी स्पिन-फ्रेंडली कंडीशन चाहती थी, जो गॉल के मैदान की तरह हो. इससे भारतीय बल्लेबाजों को स्पिनर्स के खिलाफ अपनी तैयारी परखने का मौका मिलता.
वहीं, क्लब ने प्रैक्टिस मैच के लिए जो पिच बनाई है, उस पर घास की परत छोड़ी गई है. ऐसे में इस पिच पर बल्लेबाजों को स्विंग और तेज गेंदबाजी का सामना करना पड़ेगा. यहां पर स्पिनर्स को मदद नहीं मिलेगी. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम प्रैक्टिस मैच में कैसा प्रदर्शन करती है और फिर सीरीज में कैसा खेलती है?