Home > क्रिकेट > IND vs ENG: प्रिंस यादव की एंट्री, रवि बिश्नोई का कटा पत्ता… तीसरे T20 में ऐसी है भारत की प्लेइंग XI

IND vs ENG: प्रिंस यादव की एंट्री, रवि बिश्नोई का कटा पत्ता… तीसरे T20 में ऐसी है भारत की प्लेइंग XI

IND vs ENG 3rd T20I: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इस मुकाबले में रवि बिश्नोई की जगह युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका दिया गया है.

By: Ankush Upadhayay | Last Updated: July 7, 2026 10:05:34 PM IST



IND vs ENG 3rd T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज ग्राउंड पर खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारतीय टीम एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है. टीम मैनेजमेंट ने सीरीज के अहम मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका दिया है. प्रिंस यादव को स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई की जगह टीम में शामिल किया गया है, जिन्होंने पिछले मैच में निराशाजनक प्रदर्शन किया है. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में रवि बिश्नोई भारत की हार के सबसे बड़े विलेन रहे थे. ऐसे में उन्हें इस मुकाबले से बाहर कर दिया गया है. वहीं, प्रिंस यादव (Prince Yadav) आज अपना दूसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल रहे हैं. उन्होंने आयरलैंड दौरे पर दूसरे टी20 मैच में अपना डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 3 विकेट चटकाए थे.

भारत ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. भारतीय टीम ने मेजबान इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया है. टॉस के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने रवि बिश्नोई को लेकर कहा कि वह बस एक छोटी सी रुकावट थी, जिसे आप कंट्रोल नहीं कर सकते, लेकिन खिलाड़ियों का हौसला बुलंद है. हर खिलाड़ी अपनी जिंदगी में ऐसे दौर से गुजरता है. यह उसके (बिश्नोई) और टीम के लिए भी सीखने का एक शानदार मौका है.

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन (डब्ल्यू), श्रेयस अय्यर (सी), शिवम दुबे, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती.

इंग्लैंड: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग.

इंग्लैंड सीरीज में 1-0 से आगे

भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में इंग्लिश टीम 1-0 से आगे है. इस सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जो चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला गया था. इसके बाद दूसरा टी20 मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला गया, जिसमें भारत को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 190 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी इंग्लैंड की टीम ने 19 ओवर में ही टारगेट चेज कर लिया. ऐसे में भारतीय टीम तीसरे टी20 मुकाबले में वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरी है.

Advertisement