Latest ICC Test Ranking | ICC Test bowling Rankings | ICC Test Batting Rankings: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नुकसान हुआ है. वहीं, श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले देवदत्त पडिक्कल ने बड़ी छलांग लगाई है. बुधवार को जारी हुई नई रैंकिंग में कई भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव देखने को मिला है. आइए जानते हैं कि किस खिलाड़ी को फायदा हुआ और किे नुकसान.
शुभमन गिल बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो स्थान नीचे खिसककर नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं. श्रीलंका दौरे पर तीन पारियों में वह सिर्फ एक अर्धशतक लगा सके थे. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत सातवें स्थान पर बने हुए हैं और भारत के सबसे ऊंची रैंकिंग वाले बल्लेबाज हैं. वहीं, यशस्वी जायसवाल 11वें स्थान पर बरकरार हैं और उनकी रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है. इसके अलावा आईसीसी रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को फायदा हुआ है.
देवदत्त पडिक्कल ने लगाई बड़ी छलांग
देवदत्त पडिक्कल को श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है. वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर 54वें नंबर पर पहुंच गए हैं. पडिक्कल ने श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों में 328 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने दो शतक भी लगाए और भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा प्रभाव छोड़ने वाले बल्लेबाज रहे. उनके इस प्रदर्शन ने टेस्ट क्रिकेट में उनकी रैंकिंग को काफी मजबूत किया है.
जसप्रीत बुमराह को भी हुआ नुकसान
दूसरी ओर, जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि न्यूजीलैंड के मैट हेनरी शीर्ष स्थान पर कायम हैं. घुटने की चोट के कारण बुमराह जुलाई के मध्य से क्रिकेट से दूर हैं और इसी वजह से वह श्रीलंका दौरे का हिस्सा नहीं बन सके थे. उन्हें सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगा.
सोनल दिनुषा की लंबी छलांग
श्रीलंका के युवा बल्लेबाज सोनल दिनुषा ने इस सप्ताह रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई. भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद वह 29 पायदान ऊपर चढ़कर 25वें स्थान पर पहुंच गए. कोलंबो टेस्ट में दिनुषा ने पहली पारी में 103 रन और दूसरी पारी में नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेली. उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका ने मैच बचाया और भारत को सीरीज में क्लीन स्वीप करने से रोक दिया.