ICC ODI Rankings: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 15 जुलाई यानी बुधवार को वनडे की ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों को काफी फायदा हुआ. भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद वनडे रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है. अक्षर पटेल (Axar Patel) को आईसीसी की वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग में 3 पायदान का फायदा हुआ है, जिससे वह 9वें नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं, वनडे की बल्लेबाजी रैंकिंग में अक्षर पटेल 18 पायदान ऊपर चढ़कर 73वें नंबर पर पहुंच गए हैं. इसके अलावा गेंदबाजी रैंकिंग में अक्षर पटेल 2 स्थान ऊपर चढ़कर 42वें पायदान पर पहुंच गए हैं. जानें अन्य भारतीयों को हाल…
नंबर-1 की कुर्सी पर गिल की नजर
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) की नजर वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 की कुर्सी पर बनी हुई है. शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में 75 गेंदों पर 80 रन की शानदार पारी खेली. इसके प्रदर्शन के बाद गिल की वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में 12 रेटिंग प्वाइंट्स का इजाफा हुआ है. अब उनके खाते में 803 रेटिंग प्वाइंट्स हो गए हैं, जो नंबर-1 की कुर्सी से सिर्फ 11 अंक दूर है. बता दें इस रैंकिंग में न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेरिल मिचेल पहले नंबर पर हैं, जिनके खाते में 814 रेटिंग प्वाइंट्स हैं. शुभमन गिल के पास वनडे सीरीज के बाकी दोनों मैचों में रन बनाकर डेरिल मिचेल से आगे निकलने का मौका है.
ये भी पढ़ें: एजबेस्टन में एक्ट्रेस कृति सेनन ने लूटी महफिल, MS धोनी के साले संग मैच का उठाया लुत्फ, तस्वीरें वायरल
रोहित-विराट का क्या हाल?
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली फ्लॉप हो गए थे. इसके बावजूद वे दोनों वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-5 में बने हुए हैं. विराट कोहली (Virat Kohli) 757 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर हैं, जबकि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) 744 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ चौथे नंबर पर मौजूद हैं.
कुलदीप यादव को नुकसान
वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप-10 में सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी कुलदीप यादव शामिल हैं. हालांकि पिछले मैच में न खेलने की वजह से उनकी रैंकिंग में थोड़ी गिरावट आई है. कुलदीप यादव 1 पायदान नीचे खिसककर 8वें नंबर पर आ गए हैं. उनके अलावा इस रैंकिंग में मोहम्मद सिराज 19वें स्थान पर हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह 24वें नंबर पर मौजूद हैं.