गौतम गंभीर के पसंदीदा भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा एक बार फिर चोट की वजह से चर्चा में हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घुटने की सर्जरी के बाद रिहैब के दौरान उनका वजन काफी बढ़ गया था. माना जा रहा है कि यही बढ़ा हुआ वजन इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उनकी हैमस्ट्रिंग चोट की बड़ी वजह बना. हर्षित लंबे समय तक मैदान से बाहर रहे थे और इसी कारण वह पूरा आईपीएल सीजन भी नहीं खेल पाए. फिट होने के बाद उन्होंने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से टीम इंडिया में वापसी की, लेकिन कुछ ही मैचों बाद फिर चोटिल हो गए.
बीसीसीआई ने बताया था कि इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के दौरान ट्रेंट ब्रिज में हर्षित राणा को दाईं हैमस्ट्रिंग में अचानक दर्द महसूस हुआ. इसके बाद कराए गए स्कैन में ग्रेड-1 हैमस्ट्रिंग चोट की पुष्टि हुई. इस चोट के कारण उन्हें बाकी मुकाबलों से बाहर होना पड़ा. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रिहैब पूरा करने के बाद भी हर्षित अपने वजन को नियंत्रित नहीं रख पाए, जिससे उनके शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ा.
बीसीसीआई ने फिटनेस को लेकर जताई चिंता
रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट इस बात से हैरान हैं कि बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब और ‘रिटर्न टू प्ले’ प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद हर्षित राणा बढ़े हुए वजन के साथ टीम में लौटे. तेज गेंदबाजों के लिए अतिरिक्त वजन हमेशा जोखिम बढ़ाता है, क्योंकि इससे शरीर पर ज्यादा दबाव पड़ता है और मांसपेशियों में चोट लगने की आशंका बढ़ जाती है.
2027 विश्व कप में खेल सकते हैं हर्षित
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि हर्षित राणा टीम इंडिया के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं. सेलेक्टर उन्हें 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. वह 140 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करने के साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं. हालांकि, टीम मैनेजमेंट का मानना है कि अगर उन्हें लंबे समय तक टीम में बने रहना है, तो अपनी फिटनेस और वजन पर ध्यान देना होगा.